शिलांग जाने वाले विमान को मिली बम धमकी अफवाह साबित हुई

Ads

शिलांग जाने वाले विमान को मिली बम धमकी अफवाह साबित हुई

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 05:42 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 05:42 PM IST

कोलकाता, 14 फरवरी (भाषा) बम की धमकी के बाद शनिवार को शिलांग जाने वाला एक विमान कोलकाता हवाई अड्डे पर करीब चार घंटे तक फंसा रहा। एक आधिकारिक बयान से यह जानकारी मिली।

बयान के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 7304 में बम होने का दावा करने वाला हाथ से लिखा एक नोट मिला जिसके बाद उसे ‘आइसोलेशन बे’ (पृथक क्षेत्र) में ले जाया गया।

विमान की गहन जांच के बाद हालांकि यह धमकी एक अफवाह साबित हुई। मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पूरी तलाशी लेने के बाद विमान ने दोपहर 1:33 बजे अपने गंतव्य के लिए उड़ान भरी।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक प्रवक्ता ने बताया कि विमान के उड़ान भरने से लगभग 15 मिनट पहले यानी सुबह करीब 9:15 बजे चालक दल के एक सदस्य को विमान के शौचालय में यह नोट मिला।

उन्होंने बताया कि 60 यात्रियों में से कुछ पहले ही विमान में सवार हो चुके थे।

उन्होंने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित रूप से नीचे उतारा गया और विमान को ‘आइसोलेशन बे’ में ले जाया गया।

एएआई के प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा अधिकारियों द्वारा सभी सुरक्षा जांच पूरी करने और मंजूरी मिलने के बाद विमान को परिचालन के लिए सुरक्षित घोषित कर दिया गया।

भाषा प्रचेता प्रशांत

प्रशांत