बरेली में मोहपाश के जरिये धन उगाही में लिप्त गिरोह का राजफाश, एक महिला गिरफ्तार

Ads

बरेली में मोहपाश के जरिये धन उगाही में लिप्त गिरोह का राजफाश, एक महिला गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 07:38 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 07:38 PM IST

बरेली (उप्र), 14 फरवरी (भाषा) बरेली की प्रेमनगर थाना पुलिस ने मोहपाश के जरिए ‘ब्लैकमेल’ करके धन उगाही करने में लिप्त गिरोह का राजफाश करके एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोप है कि महिला ने एक व्यक्ति को प्रेमजाल में फंसाकर पहले 10 लाख रुपये वसूले और बाद में 12 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। पुलिस ने बताया कि महिला ने रकम न देने पर दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप में फंसाने की धमकी दी।

प्रेमनगर थाना के निरीक्षक (अपराध) प्रमोद कुमार ने बताया कि इन्द्रानगर निवासी मनीष गंगवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी महिला ने उनसे नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में संबंध स्थापित किए।

गंगवार ने बताया कि कुछ समय बाद उसने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर दबाव बनाना शुरू कर दिया। शिकायत के मुताबिक पहले 10 लाख रुपये लिए गए और फिर 12 लाख रुपये की मांग दोबारा रखी गई।

पीड़ित मनीष गंगवार की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इस मामले में पूजा शर्मा समेत गिरोह के तीन लोगों को नामजद किया गया है।

पुलिस ने शनिवार की सुबह करीब 10:20 बजे मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी पूजा शर्मा (37) पत्नी आर्यन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के वीर सावरकर नगर की निवासी पूजा के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति से पारिवारिक विवाद चल रहा है और वह दो बेटियों के साथ अलग रह रही है। आमदनी का कोई जरिया न होने के चलते उसकी मुलाकात मनीष गंगवार से हुई।

महिला ने बताया कि लालच में आकर उसने झूठी शिकायत दर्ज कराई और समझौते के नाम पर 10 लाख रुपये लिए। बाद में 12 लाख रुपये और मांगने की बात भी स्वीकार की है।

पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि शनिवार को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया।

भाषा सं आनन्द पवनेश संतोष

संतोष