बंबई उच्च न्यायालय के ‘टाइपिंग टेस्ट’ में गड़बड़ी का आरोप, उम्मीदवारों के प्रदर्शन में दीपके शामिल

Ads

बंबई उच्च न्यायालय के 'टाइपिंग टेस्ट' में गड़बड़ी का आरोप, उम्मीदवारों के प्रदर्शन में दीपके शामिल

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 11:20 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 11:20 PM IST

छत्रपति संभाजीनगर, 16 अगस्त (भाषा) बंबई उच्च न्यायालय में लिपिक पद पर भर्ती के लिए आयोजित ऑनलाइन ‘टाइपिंग टेस्ट’ में शामिल हुए कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा के दौरान तकनीकी और सर्वर संबंधी समस्याओं का आरोप लगाते हुए रविवार को छत्रपति संभाजीनगर में विरोध प्रदर्शन शुरू किया।

इस प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संयोजक अभिजीत दीपके भी शामिल हुए।

दीपके ने आरोप लगाया कि कई अभ्यर्थियों को बिना उनकी किसी गलती के अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने परीक्षा दोबारा आयोजित कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

अधिकारियों की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

अभ्यर्थियों ने शिकायत की कि परीक्षा के दौरान कंप्यूटर सही तरह से काम नहीं कर रहा था। कुछ का कहना था कि उनकी कंप्यूटर की स्क्रीन पीली दिखने लगी और कीबोर्ड ने भी काम करना बंद कर दिया था। परीक्षा से वंचित होने के डर से अभ्यर्थियों ने इसे दोबारा आयोजित करने की मांग की है। कथित व्यवधान सुबह 10 बजे से 11:15 बजे के सत्र के बीच हुआ।

दीपके ने इस कथित गड़बड़ी की जानकारी मिलने के बाद छत्रपति संभाजीनगर के सुराणा नगर इलाके में स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचे और प्रभावित अभ्यर्थियों से मुलाकात की।

दीपके ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने शिकायतों को खारिज कर अभ्यर्थियों से कहा कि वे परीक्षा देना नहीं जानते।

उन्होंने कहा, ‘जब तक इन अभ्यर्थियों की मांगें पूरी नहीं हो जातीं, मैं उनके साथ यहीं रहूंगा। अगर उन्होंने धरना प्रदर्शन पर बैठने का फैसला किया है, तो मैं उनका समर्थन करूंगा।’

भाषा

प्रचेता संतोष

संतोष