चेन्नई, 22 अप्रैल (भाषा) मईलापुर विधानसभा क्षेत्र में द्रमुक उम्मीदवार के एक सहयोगी के घर से बुधवार को निर्वाचन आयोग के उड़न दस्ते ने 500 रुपये के कई नोट बंडल जब्त किए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना की पुष्टि करते हुए चेन्नई के जिला निर्वाचन अधिकारी जे. कुमारगुरुबरन ने कहा कि मामले को संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “उड़न दस्ते की मदद से निरीक्षण किया गया और आवश्यक कार्रवाई की गई है।”
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उड़न दस्ते ने मंडावेलीपक्कम स्थित द्रमुक उम्मीदवार डी. ए. वेलु के सहयोगी सत्यामूर्ति के घर से नकदी बरामद की। साथ ही यह सबूत भी मिले हैं कि इस धनराशि को मतदाताओं को लुभाने के लिए रखा गया था।
अधिकारी ने बताया कि जब्त नकदी को विस्तृत जांच के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया है।
इस सीट पर 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में वेलु का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार और पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन तथा टीवीके उम्मीदवार पी. वेंकटरामन से है, जबकि कुल 19 उम्मीदवार मैदान में हैं।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने मांग की कि निर्वाचन आयोग को वेलु को चुनाव लड़ने से “अयोग्य” घोषित करना चाहिए, क्योंकि उनके एक सहयोगी के घर से मतदाताओं में बांटने के लिए रखी गई कथित तौर पर करोड़ों रुपये की राशि बरामद हुई है।
भाषा
राखी माधव
माधव