नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को देश में मौसम के मौजूदा हालात पर चर्चा की, जहां कुछ इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति है, जबकि कुछ अन्य इलाकों में सामान्य से कम पानी बरसा है। बैठक से वाकिफ सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक में पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया गया, जहां कई जिलों में भारी तबाही हुई है।
उन्होंने बताया कि बैठक में इस बात पर भी गौर किया गया कि देश के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हुई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जुलाई में देश के ज्यादातर हिस्सों में कुल बारिश “सामान्य से कम” रहने की संभावना है।
आने वाले दिनों में मॉनसून के दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ अन्य इलाकों में दस्तक देने की उम्मीद है।
आईएमडी के मुताबिक, जुलाई का महीना सामान्य से ज्यादा गर्म हो सकता है। विभाग ने कुछ जगहों पर तापमान के “सामान्य से ज्यादा” रहने का अनुमान जताया है।
प्रधानमंत्री के निर्देश पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू अभी पूर्वोत्तर के दौरे पर हैं।
शिवराज ने असम के धेमाजी में संवाददाताओं से कहा, “संकट बड़ा है और हमने तबाही देखी है। मकानों को नुकसान पहुंचा है और सड़कें बह गई हैं। प्राथमिकता हालात को सामान्य बनाना और लोगों के रोजमर्रा के जीवन को फिर से पटरी पर लाना है।”
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित परिवारों से बातचीत की, नुकसान का जायजा लिया और राहत एवं पुनर्वास कार्यों का आकलन किया।
शिवराज ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार इस मुश्किल समय में असम के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है और राहत, पुनर्निर्माण एवं पुनर्वास के लिए हर संभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
भाषा पारुल माधव
माधव