पुडुचेरी, सात अप्रैल (भाषा) केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को होने वाले चुनावों के लिए प्रचार अभियान मंगलवार शाम को समाप्त हो जाएगा।
केंद्र शासित प्रदेश में राजनीतिक दल, निर्दलीय उम्मीदवार और राजनीतिक दलों के बागी उम्मीदवार मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए अंतिम प्रयास कर रहे हैं।
केंद्र शासित प्रदेश के पुडुचेरी, कराईकल, माहे और यानम क्षेत्रों में विधानसभा की कुल तीस सीटें हैं।
कुल 294 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। आगामी चुनाव राजग और ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई है।
निर्वाचन अधिकारियों ने मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर आने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु पूरे केंद्र शासित प्रदेश में कई जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए हैं।
सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में, एआईएनआरसी 16 निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ रही है, और उसकी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 10 निर्वाचन क्षेत्रों में तथा ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) एवं एलजेके दो-दो निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव मैदान में हैं।
विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन ने सीटों के बंटवारे को लेकर लंबी बातचीत के बाद, कांग्रेस को 16 निर्वाचन क्षेत्र आवंटित करने, द्रमुक को 13 और वीसीके को एक (उझावरकराई) सीट देने पर सहमति जताई।
भाषा तान्या मनीषा वैभव
वैभव