केंद्र ने जम्मू कश्मीर,पांच राज्यों के लिए 1,912.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आपदा सहायता को मंजूरी दी

Ads

केंद्र ने जम्मू कश्मीर,पांच राज्यों के लिए 1,912.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आपदा सहायता को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - March 13, 2026 / 01:10 PM IST,
    Updated On - March 13, 2026 / 01:10 PM IST

नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) केंद्र ने 2025 में बाढ़, अचानक आई बाढ़, बादल फटने, भूस्खलन और चक्रवात ‘मोंथा’ से प्रभावित पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर को 1,912.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता को मंजूरी दे दी है। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी।

बयान में कहा गया है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय समिति (एचएलसी) ने यह निर्णय लिया है।

बयान के अनुसार, ये पांच राज्य आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और नगालैंड हैं।

बयान में कहा गया है, ‘‘कुल राशि में से 341.48 करोड़ रुपये आंध्र प्रदेश के लिए, 15.70 करोड़ रुपये छत्तीसगढ़ के लिए, 778.67 करोड़ रुपये गुजरात के लिए, 288.39 करोड़ रुपये हिमाचल प्रदेश के लिए, 158.41 करोड़ रुपये नगालैंड के लिए और 330.34 करोड़ रुपये जम्मू कश्मीर के लिए स्वीकृत किए गए हैं।’’

यह सहायता राज्य आपदा मोचन कोष (एसडीआरएफ) के तहत राज्यों को पहले से जारी की गई धनराशि के अतिरिक्त है।

इसमें कहा गया है कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान केंद्र ने एसडीआरएफ के तहत 28 राज्यों को 20,735 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के तहत 21 राज्यों को 3,628.18 करोड़ रुपये जारी किए हैं।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना