छत्तीसगढ़: अफीम की अवैध खेती करने के आरोपी के भाई की दुकान पर चला बुलडोजर

Ads

छत्तीसगढ़: अफीम की अवैध खेती करने के आरोपी के भाई की दुकान पर चला बुलडोजर

  •  
  • Publish Date - March 10, 2026 / 11:16 PM IST,
    Updated On - March 10, 2026 / 11:16 PM IST

दुर्ग, 10 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रशासन ने मंगलवार को अफीम की अवैध खेती करने के आरोपी के भाई की दुकान को बुलडोजर से गिरा दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने समोदा गांव में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निलंबित किए गए नेता विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार की गैर-कानूनी दुकान को गिरा दिया।

ताम्रकार को सात मार्च को पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई राजस्व विभाग और पुलिस के संयुक्त् दल ने की।

उन्होंने बताया कि अभियान दल ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर बुलडोजर का इस्तेमाल कर गैर-कानूनी निर्माण को हटा दिया।

अतिरिक्त तहसीलदार क्षमा यादव ने बताया कि बृजेश ताम्रकार समोदा गांव में खसरा नंबर 778 के तहत दर्ज करीब 32 डिसमिल सरकारी जमीन पर दुकान चला रहा था।

उन्होंने बताया कि इससे पहले बेदखली आदेश जारी किया गया था लेकिन कब्जा लंबे समय तक वहीं रहा।

अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों और गांव सरपंच ने गैर-कानूनी कब्जे के बारे में बार-बार प्रशासन से शिकायत की थी।

उन्होंने बताया कि बेदखली का वारंट जारी होने के बाद राजस्व टीम ने आखिरकार तोड़-फोड़ की और अवैध निर्माण को गिरा दिया।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले समोदा गांव में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आया था, जिसके बाद विनायक ताम्रकार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

भाषा सं संजीव जितेंद्र

जितेंद्र