छत्तीसगढ़ : गरियाबंद में जंगल से 46 लाख रुपये की नकदी और हथियारों का जखीरा बरामद

Ads

छत्तीसगढ़ : गरियाबंद में जंगल से 46 लाख रुपये की नकदी और हथियारों का जखीरा बरामद

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 10:14 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 10:14 PM IST

गरियाबंद, 28 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त अभियान के दौरान जंगल से 46 लाख रुपये से अधिक की नकदी और बड़ी संख्या में हथियार एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, मैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़ेगोबरा गांव के सांपसाटी जंगल एवं पहाड़ी इलाके में माओवादियों द्वारा छिपा कर रखी गई नकदी, हथियार और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री बरामद की गई। यह कार्रवाई आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली खुफिया सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के शीर्ष नेताओं ने उक्त क्षेत्र में बड़ी मात्रा में नकद राशि और हथियार छिपाकर रखे थे।

सूचना के बाद जिला पुलिस बल, गरियाबंद का ई-30 ऑप्स दल और धमतरी जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की संयुक्त टीम को अभियान पर भेजा गया। तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने अलग-अलग स्थानों से 46,31,500 रुपये नकद, एक बंदूक, 33 कारतूस, एक सुरका राइफल, 32 बीजीएल सेल, एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, 10 इंसास राउंड, 11 एसएलआर राउंड, 45 एके-47 राउंड, 41.303 रायफल राउंड, 23 सिंगल शॉट राउंड, 26 बारह बोर राउंड, 13 इलेक्ट्रॉनिक और 10 नॉन-इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर सहित नक्सली सामग्री बरामद की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो वर्षों से चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान और शासन की पुनर्वास नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते जनवरी 2026 तक गरियाबंद-धमतरी क्षेत्र में सक्रिय धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के सभी सूचीबद्ध माओवादियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें खत्म करने या आत्मसमर्पण कराने में सफलता मिली है।

भाषा

सं, संजीव रवि कांत