संगरूर, एक जुलाई (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को लोगों से अपील की कि वे मतदाता सूची के तहत जारी ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) के तहत अपना नाम दर्ज करवाएं।
अपना नाम दर्ज होने के बाद मान ने कहा कि पंजाब ने पहले ही लगभग 90 प्रतिशत मतदाता सूची में विवरण के मिलान का काम पूरा कर लिया है और फिर से भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार सूची में सुधार की जारी प्रक्रिया के दौरान किसी भी असली मतदाता का नाम नहीं हटने देगी।
उन्होंने कहा, ‘पंजाब में एसआईआर के तहत बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) 25 जून से 24 जुलाई तक मतदाता सूची का घर-घर जाकर सत्यापन और पुनरीक्षण का काम कर रहे हैं। यह बहुत गर्व और संतोष की बात है कि राज्य में लगभग 90 प्रतिशत मतदाताओं के मतदाता विवरण का मिलान पहले ही हो चुका है और बाकी काम भी तेजी से जारी है।’
उन्होंने कहा,’मैं इस उपलब्धि के लिए सभी बीएलओ और निर्वाचन आयोग के कर्मचारियों को बधाई देता हूं। यह उनकी लगन और कड़ी मेहनत की वजह से ही संभव हो पाया है।’
बीएलओ की भूमिका पर जोर देते हुए मान ने कहा कि वे गणना प्रपत्र देने के लिए हर घर जा रहे हैं और मतदाताओं को उसे भरने में भी मदद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए फॉर्म के साथ कोई अतिरिक्त दस्तावेज नहीं लिए जा रहे हैं। सिर्फ पहले से मौजूद जानकारी की पुष्टि जरूरी है।
लोगों से बिना देरी किए यह प्रक्रिया पूरी करने की अपील करते हुए मान ने कहा, ‘सिर्फ उन्हीं मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे जो ठीक से भरा हुआ गणना प्रपत्र जमा करेंगे। अगर कोई फॉर्म जमा नहीं करता है तो उसका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और किसी को भी पात्र लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों से गैर-कानूनी ढंग से वंचित नहीं करने देगी।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश