श्रीनगर, 26 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को बडगाम में मृत पाई गई 12 वर्षीय बच्ची के आवास का दौरा किया और उसके परिजनों से संवेदना व्यक्त की। पुलिस ने एक दिन पहले ही इस मामले के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
शनिवार को लापता हुई इस बच्ची का शव रविवार को बडगाम जिले के गलवानपोरा इलाके से बरामद किया गया था।
अपने दौरे के दौरान, अब्दुल्ला ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार को दुख की इस घड़ी में संबल और धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना ने समाज की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभ्य समाज में ऐसे तत्वों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने सोमवार को पीड़िता के पड़ोसी मुदस्सिर अहमद मीर को 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया, ‘बडगाम के गलवानपोरा गांव की एक नाबालिग बच्ची की हत्या से जुड़ी जांच को आगे बढ़ाते हुए, पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी से जुड़ी शुरुआती चिकित्सकीय-कानूनी, फॉरेंसिक और साक्ष्य संबंधी प्रक्रियाओं को पूरा कर लिया है।’
उन्होंने कहा कि जांच के शुरुआती चरण में कई कानूनी प्रक्रियाएं जारी होने के कारण और साक्ष्य एवं कानूनी प्रक्रिया पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इसलिए पहले आरोपी की पहचान उजागर नहीं की गई थी।
प्रवक्ता ने बताया, ‘आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, इस अपराध में शामिल आरोपी की पहचान गलवानपोरा सेबदान निवासी गुलाम नबी मीर के बेटे मुदस्सिर अहमद मीर के रूप में हुई है।’
पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच से यह स्पष्ट हो गया है कि इस अपराध में कोई अन्य व्यक्ति शामिल नहीं था।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप