आर्मेनिया के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ ने सीडीएस, वायु सेना प्रमुख के साथ वार्ता की

Ads

आर्मेनिया के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ ने सीडीएस, वायु सेना प्रमुख के साथ वार्ता की

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 10:30 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 10:30 PM IST

(फोटो सहित)

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने आर्मेनिया के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एडवर्ड अस्रयान से बातचीत की और दोनों पक्षों ने सैन्य उपकरणों के विकास में संयुक्त उपक्रम के अवसरों पर विचार-विमर्श किया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने एक सशक्त और भविष्योन्मुखी रणनीतिक साझेदारी के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

आर्मेनिया के शीर्ष सैन्य अधिकारी ने भारत की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान जनरल चौहान से मुलाकात की। यह बैठक दिल्ली छावनी स्थित मानेकशॉ केंद्र में हुई।

एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया, ‘‘सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने आर्मेनिया के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एडवर्ड अस्रयान से बातचीत की। सीडीएस ने उनका स्वागत किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।’

पोस्ट में दोनों सैन्य नेताओं के बीच हुई बैठक की कुछ तस्वीरें भी साझा की गईं।

भारतीय वायु सेना ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल अस्रयान ने वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह से भी मुलाकात की और उनके साथ परिचालन सहयोग, द्विपक्षीय वायु शक्ति संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश