नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) दिल्ली के एक निजी अस्पताल में 64 वर्षीय व्यक्ति की एक ही ऑपरेशन में दिल और कैंसर से जुड़ी जटिल सर्जरी की गई। डॉक्टरों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मरीज की महाधमनी (एओर्टा) फट गई थी, हृदय का एक वाल्व गंभीर रूप से खराब होकर रिस रहा था और उसको गुर्दे में कैंसरयुक्त ट्यूमर भी था। डॉक्टरों ने एक ही सर्जरी में इन सभी समस्याओं का सफल इलाज किया।
ओखला स्थित फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल के अनुसार, उपलब्ध चिकित्सा साहित्य के आधार पर एक ही ऑपरेशन में इन सभी प्रक्रियाओं का संयुक्त रूप से किया जाना दुनिया का पहला मामला माना जा रहा है।
अस्पताल के मुताबिक, मरीज शुरुआत में रोजमर्रा के काम करते समय सांस फूलने और अत्यधिक थकान की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा था। जांच में उसकी महाधमनी (एओर्टा) फटी हुई मिली और उसमें सूजन थी। साथ में एओर्टिक वाल्व में गंभीर रिसाव हो रहा था तथा बाएं गुर्दे में कैंसरयुक्त ट्यूमर होने का पता चला, जो जांच के दौरान संयोगवश सामने आया था।
अस्पताल ने बयान में कहा कि मेडिकल टीम ने एक ही ऑपरेशन के दौरान इन तीनों स्थितियों को निदान करने का फैसला किया क्योंकि अलग अलग ऑपरेशन करने के लिए इंतजार करना पड़ता जिससे मरीज को और जटिलताओं का सामना करना पड़ सकता था।
भाषा नोमान नोमान वैभव
वैभव