ब्रह्मपुर (ओडिशा), 17 अगस्त (भाषा) ओडिशा पुलिस ने लगभग 50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने बरामद किए हैं, जिन्हें पिछले महीने छत्तीसगढ़ में एक जौहरी से लूटा गया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार को गंजाम जिले के सोराडा में एक आरोपी के बंद घर से 300 ग्राम सोना और 1.4 किलोग्राम चांदी के गहने बरामद किये गये तथा आगे की जांच के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस को सौंप दिए गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अब भी फरार हैं।
अस्का के उपसंभागीय पुलिस अधिकारी सौरव रंजन प्रधान ने कहा, ‘‘हमने आरोपियों की पहचान कर ली है। उन्हें पकड़ने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी तेज कर दी गई है।’’
छत्तीसगढ़ में सीतापुर थानाक्षेत्र के अंबिकापुर में 26 जुलाई को मोटरसाइकिलों से आये चार बदमाशों ने एक आभूषण कारोबारी से सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग कथित रूप से छीन लिया, जब वह अपनी दुकान खोल रहे थे।
प्रधान ने बताया कि इसके बाद छत्तीसगढ़ पुलिस ने आरोपी की पहचान करने के लिए घटना का सीसीटीवी फुटेज देश भर के थानों में भेजा।
प्रधान ने कहा, ‘‘सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद हमें सत्यापित हो गया कि आरोपियों में से एक सोराडा का रहने वाला है। हमें शक था कि लूटे गए गहने बेचने के बाद वह पैसे जमा करेगा, इसलिए हमने पिछले कुछ दिनों से उसके और उसकी पत्नी के बैंक लेनदेन पर नज़र रखी।’’
जब उनके बैंक खातों में कोई बड़ा लेनदेन नहीं दिखा, तो पुलिस को शक हुआ कि गहने शायद आरोपी के घर पर रखे गए होंगे और फिर उसे वहां छापा मारा।
उपसंभागीय पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘जब हम वहां पहुंचे तो घर पर ताला लगा हुआ था। हालांकि, चाबी उनके एक रिश्तेदार के पास थी।’’
उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस को लूटे गए गहने सूखे आमों से भरे एक डिब्बे में छिपे हुए मिले।
जांच के लिए गंजाम आई छत्तीसगढ़ की चार-सदस्यीय पुलिस टीम ने एक महीने से भी कम समय में लूटे गए गहने बरामद करने के लिए सोराडा पुलिस का धन्यवाद किया।
छत्तीसगढ़ पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ हमें आशा है कि दोनों राज्यों की संयुक्त कोशिश से आरोपी शीघ्र पकड़े जायेंगे।’’
भाषा
राजकुमार सुरेश
सुरेश