नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में 60 वर्षीय चौकीदार की बेरहमी से हत्या करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार करने के साथ ही दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि एक महीने पहले हुए झगड़े का बदला लेने के लिए एक नाबालिग ने कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर चौकीदार की बेरहमी से हत्या करने की साजिश रची। उसने चौकीदार को पहले लाठी से पीटा और फिर एसयूवी कार से दो बार कुचल दिया।
बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विक्रम सिंह ने कहा, ‘आरोपी ने कथित तौर पर एक महीने पुराने झगड़े का बदला लेने के लिए चौकीदार की हत्या कर दी। पीड़ित ने एक नाबालिग को गाली दी थी।’
पुलिस के अनुसार, यह घटना 24 मई को तड़के पीरागढ़ी गांव के प्रवेश द्वार पर स्थित टेम्पो स्टैंड के पास घटी।
पुलिस को तड़के करीब 4:03 बजे श्री सिद्ध बाबा मंदिर के पास एक दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और वहां 60 वर्षीय बिजेंद्र भारद्वाज को गंभीर रूप से घायल और बेहोश पाया। उसे घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि भारद्वाज टेम्पो स्टैंड पर चौकीदार का काम करता था। जांचकर्ताओं ने घटनास्थल पर टायर के कई निशान देखे, जिससे घटना की प्रकृति पर संदेह पैदा हुआ।
पुलिस ने बताया कि मंदिर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों से प्राप्त फुटेज में आरोपी को पहले पीड़ित पर लाठी से हमला करते और फिर उसे वाहन से कुचलते हुए देखा गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘फुटेज में आरोपी में से एक को चार पहिया वाहन से उतरकर लाठी से उस पर हमला करते हुए देखा गया। इसके बाद चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर गाड़ी को पीड़ित की ओर बढ़ा दिया और उसे कुचल दिया। जब भारद्वाज ने भागने की कोशिश की तो उसी वाहन ने कथित तौर पर उसे दोबारा कुचल दिया।’
घटना के बाद पश्चिम विहार पश्चिम थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गईं।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान अधिकारियों ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी निगरानी की। साथ ही स्थानीय मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
पुलिस को 25 मई को सूचना मिली कि आरोपी अपराध में इस्तेमाल की गई काली महिंद्रा बोलेरो में मुंडका औद्योगिक क्षेत्र से होते हुए हरिद्वार भागने की कोशिश कर रहे हैं।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जाल बिछाया और मुंडका औद्योगिक क्षेत्र के पास वाहन को रोक लिया।
अधिकारी ने बताया, “गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी विनय (22) और नजफगढ़ निवासी आयुष चौहान (18) के रूप में हुई है। इस मामले में दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।”
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि लगभग एक महीने पहले एक नाबालिग और पीड़ित के बीच मामूली कहासुनी हुई थी जिस दौरान पीड़ित ने कथित तौर पर अपशब्दों का प्रयोग किया था।
डीपीसी ने बताया,“बदला लेने के इरादे से, नाबालिग ने अपने साथियों के साथ मिलकर भारद्वाज की हत्या करने की साजिश रची।”
पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई एसयूवी बरामद कर ली है। जांचकर्ताओं ने यह भी पाया कि आरोपियों ने पकड़े जाने से बचने के लिए वाहन की मूल पंजीकरण संख्या प्लेट हटा दी थी। उन्होंने बताया कि एसयूवी नाबालिगों में से एक के रिश्तेदार के नाम पर पंजीकृत थी। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश