नयी दिल्ली, 29 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, जबकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।
दिल्ली के मौसम का प्रतिनिधि केंद्र माने जाने वाले सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह एक दिन पहले के मुकाबले 0.1 डिग्री सेल्सियस कम है।
पालम में न्यूनतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 1.2 डिग्री कम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया; लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया; अयानगर में न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले 0.2 डिग्री कम है।
आईएमडी ने शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार, रविवार को भी मौसम की स्थिति ऐसी ही रहने की संभावना है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। सप्ताहांत में बारिश का कोई अनुमान नहीं है।’
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा। सुबह नौ बजे एक्यूआई 133 दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 128 (मध्यम श्रेणी) दर्ज किया गया था।
सीपीसीबी के एक्यूआई पैमाने के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई “अच्छा”, 51 से 100 “संतोषजनक”, 101 से 200 “मध्यम”, 201 से 300 “खराब”, 301 से 400 “बहुत खराब” और 401 से 500 “गंभीर” श्रेणी में आता है।
भाषा
शुभम माधव
माधव