भुवनेश्वर, 26 मई (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने मंगलवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) को महज फॉलोअर बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया ‘सोशल मीडिया स्टंट’ करार देते हुए खारिज कर दिया।
सिंह ने कहा कि इस पार्टी का देश के युवाओं से कोई सरोकार नहीं है।
अभाविप की 29 से 31 मई तक होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद की बैठक से पहले यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए सोलंकी ने कहा कि सीजेपी की जमीनी स्तर पर कोई उपस्थिति नहीं है और इसका गठन केवल ऑनलाइन माहौल का फायदा उठाने के लिए किया गया था।
उन्होंने कहा, ‘किसी अवसर का लाभ उठाकर फॉलोअर हासिल करने के लिए सोशल मीडिया पर सीजेपी का गठन किया गया था। इसकी जमीन पर कोई मौजूदगी नहीं है और न ही इसे देश के युवाओं की कोई चिंता है।’
यह व्यंग्यात्मक मंच वकीलों को ‘वरिष्ठ’ का दर्जा दिए जाने से जुड़ी एक अदालती सुनवाई के दौरान प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत द्वारा कथित तौर पर ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ (पैरासाइट्स) शब्द के इस्तेमाल को लेकर हुए विवाद के बाद सामने आया था।
हालांकि, प्रधान न्यायाधीश ने बाद में स्पष्ट किया था कि ‘फर्जी और जाली डिग्री’ के सहारे कानूनी पेशे में आने वाले लोगों के संदर्भ में की गई उनकी टिप्पणियों को गलत तरीके से पेश किया गया था।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक मामले पर टिप्पणी करते हुए सोलंकी ने कहा कि हाल के वर्षों में कई शैक्षणिक सुधारों के बावजूद व्यवस्था में कुछ कमियां अब भी मौजूद हैं, जिन्हें दूर करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, ‘हालांकि देश में हाल ही में कई शैक्षणिक सुधार हुए हैं, लेकिन हमें लगता है कि कुछ कमियां अब भी बनी हुई हैं, जिन्हें उचित विचार-विमर्श के माध्यम से दूर किया जाना चाहिए।’
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप