कॉजपा के प्रवक्ता सौरव दास ने पुडुचेरी पुलिस पर डराने-धमकाने का आरोप लगाया

Ads

कॉजपा के प्रवक्ता सौरव दास ने पुडुचेरी पुलिस पर डराने-धमकाने का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 10:50 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 10:50 PM IST

चेन्नई/पुडुचेरी, 12 अगस्त (भाषा) ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के प्रवक्ता सौरव दास ने बुधवार को आरोप लगाया कि पुडुचेरी में उनके परिवार को पुलिस ने डराया-धमकाया। हालांकि, पुलिस ने इस आरोप को खारिज किया है।

पुडुचेरी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि की कि पुलिस सौरव दास के रिश्तेदारों के घर गई थी, लेकिन उन्होंने कहा कि यह एक ‘‘नियमित प्रक्रिया’’ थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस जैसे अहम दिनों से पहले, अहम रास्तों के आस-पास रहने वाले लोगों के घर जाकर सुरक्षा के मकसद से कुछ सवाल पूछे जाते हैं। उन्होंने परेशान करने और डराने-धमकाने के आरोपों को खारिज कर दिया।

सौरव दास ने कहा कि दो घंटे पहले पुडुचेरी पुलिस उनके परिवार के पास पहुंची और उनसे कई तरह के सवाल-जवाब किए।

दास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, ‘‘पुडुचेरी पुलिस, यह उत्पीड़न क्यों? यह आदेश किसने दिया और किस मकसद से? क्या यह कानूनी प्रक्रिया है? पुडुचेरी में भाजपा सरकार मेरे परिवार को क्यों डरा-धमका रही है? यह पुडुचेरी सरकार का स्वभाव नहीं है। यह केंद्र सरकार के इशारे पर किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर मकसद मुझे डराकर चुप कराना है, तो यह काम नहीं करेगा। इससे मैं डरूंगा नहीं। इससे एक बेहतर व्यवस्था बनाने का हमारा संकल्प और मजबूत होता है, एक ऐसी जगह जहां पुलिस गुंडों की तरह काम करने के बजाय कानून का पालन करे।’’

एक अन्य पोस्ट में दास ने कहा कि सिर्फ दो दिन पहले केंद्रीय मंत्री अमित शाह पुडुचेरी में थे, जहां उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के गृह मंत्री और उपराज्यपाल से मुलाकात की थी।

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट में सवाल किया, ‘‘क्या डराने-धमकाने का यह तरीका उनकी बैठक में तय किया गया था?’’

भाषा शफीक अमित

अमित