अमेरिका में पढ़ाई छात्रवृत्ति और शिक्षा ऋण से पूरी की: कॉजपा संस्थापक अभिजीत दीपके

Ads

अमेरिका में पढ़ाई छात्रवृत्ति और शिक्षा ऋण से पूरी की: कॉजपा संस्थापक अभिजीत दीपके

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 01:19 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 01:19 PM IST

(आदित्य वाघमारे)

छत्रपति संभाजीनगर, तीन अगस्त (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने विदेश में उनकी शिक्षा के खर्च लेकर उठ रहे सवालों के बीच सोमवार को कहा कि उन्होंने अमेरिका में अपनी पढ़ाई छात्रवृत्ति और शिक्षा ऋण के सहारे पूरी की।

बांग्लादेश की निर्वासित लेखिका तसलीमा नसरीन की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपके ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘बांग्लादेश और नेपाल के आंदोलनों का इस्तेमाल हमें बदनाम करने के लिए किया जा रहा है। हम उनसे अलग हैं।’’

तसलीमा ने दिल्ली में कॉजपा के नेतृत्व में परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के खिलाफ हुए आंदोलन और वर्ष 2024 में बांग्लादेश में हुए उस छात्र आंदोलन के बीच रविवार को समानता बताई थी, जिसके बाद शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी।

उन्होंने कहा था कि ढाका के छात्र आंदोलन ने ‘‘हमें मूर्ख’’ बनाया।

सूरत के एक आरटीआई कार्यकर्ता ने शनिवार को दावा किया था कि उन्होंने दीपके के पिता की आय और वित्तीय स्रोतों की जांच की मांग की है, जो एक सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी हैं और उन्होंने बेटे को पढ़ाई के लिए विदेश भेजा था।

दीपके ने कहा, ‘‘मुझे बोस्टन विश्वविद्यालय से पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति मिली थी। मैंने शिक्षा ऋण भी लिया था। उसका भुगतान अभी बाकी है और उसे चुकाना है। कोई भी इसकी जांच करने के लिए स्वतंत्र है।’’

कॉजपा संस्थापक ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि महाराष्ट्र सरकार हाल में नीट प्रश्नपत्र लीक और अन्य परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेगी और उनका उत्पीड़न बंद करेगी।

उन्होंने कहा कि नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन को देशभर के ‘जेन ज़ेड’ का उत्साहजनक समर्थन मिला और इस आंदोलन के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दिया।

दीपके ने कहा कि यदि 15 वर्षीय प्रदर्शनकारी रुचिका सिंह के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर टिप्पणी को लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाती है, तो भाजपा नेताओं और उसके आईटी प्रकोष्ठ के सदस्यों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि भारत में आम लोगों के लिए शिक्षा महंगी और पहुंच से बाहर हो गई है।

दीपके ने यह भी कहा कि हालिया आंदोलनों के बाद उनकी जिम्मेदारी बढ़ गई है और कॉजपा की टीम का जल्द ही विस्तार किया जाएगा।

भाषा शोभना रंजन

रंजन