तमिलनाडु विस चुनाव से पहले भी कांग्रेस ने टीवीके के साथ गठबंधन पर विचार किया था: कार्ति चिदंबरम

Ads

तमिलनाडु विस चुनाव से पहले भी कांग्रेस ने टीवीके के साथ गठबंधन पर विचार किया था: कार्ति चिदंबरम

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 06:39 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 06:39 PM IST

चेन्नई, छह मई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कार्ति चिदंबरम ने बुधवार को कहा कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले ही उनकी पार्टी के भीतर अभिनेता एवं नेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के साथ गठबंधन करने के समर्थन में आवाज उठी थी।

कार्ति ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘चुनाव से पहले पार्टी के भीतर ऐसी आवाजें उठी थीं जिनमें टीवीके के साथ गठबंधन की बात कही गई थी। इसमें कोई शक नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि हालांकि, पार्टी नेतृत्व ने सभी हितधारकों से परामर्श करने के बाद द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के साथ अपना गठबंधन जारी रखने का फैसला किया।

उन्होंने कहा, ‘‘कई लोगों का मानना ​​था कि द्रमुक के साथ लंबे समय से चले आ रहे संबंधों का सम्मान किया जाना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम एक धर्मनिरपेक्ष सरकार चाहते हैं, और इस पर कोई समझौता नहीं हो सकता।’

उन्होंने टीवीके नेता द्वारा कांग्रेस से संपर्क करने का दावा करते हुए कहा कि पार्टी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए समर्थन दिया।

टीवीके ने 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में 108 सीट जीती हैं। सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 118 है।

कांग्रेस पार्टी ने टीवीके को अपना समर्थन सार्वजनिक रूप से घोषित कर दिया है, लेकिन यह तुरंत पता नहीं चल पाया है कि विजय की पार्टी को और किस पार्टी ने समर्थन दिया है।

कार्ति ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस का द्रमुक के साथ केवल चुनावी गठबंधन है और वह सरकार का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि हालांकि, कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर द्रमुक के साथ मिलकर काम कर सकती है।

सूत्रों के अनुसार, विजय सात मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ‘संकट में है’। उन्होंने यह भी कहा कि उसे यह आकलन करने की आवश्यकता है कि क्या उसके प्रमुख ई. के. पलानीस्वामी के नेतृत्व में उसका कोई व्यवहार्य भविष्य है।

भाषा अमित अविनाश

अविनाश