पश्चिम एशिया संकट से मोटरसाइकिल की मांग में आई नरमीः बजाज ऑटो

Ads

पश्चिम एशिया संकट से मोटरसाइकिल की मांग में आई नरमीः बजाज ऑटो

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 10:10 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 10:10 PM IST

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर भारत के दोपहिया बाजार पर भी दिखने लगा है। शुरुआती स्तर की मोटरसाइकिलों की मांग पर दबाव आया है, जबकि इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग बढ़ गई है। बजाज ऑटो के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह बात कही।

दोपहिया वाहन विनिर्माता बजाज ऑटो के कार्यकारी निदेशक राकेश शर्मा ने विश्लेषकों के साथ चर्चा में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 20 प्रतिशत से अधिक की दर से बढ़े मोटरसाइकिल बाजार के अब घटकर सात-नौ प्रतिशत की वृद्धि तक ही सीमित रह जाने का अनुमान है।

शर्मा ने मांग में सुस्ती के संकेतों के बारे में पूछे जाने पर कहा, “पहले 20 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा मोटरसाइकिल उद्योग अप्रैल में सिर्फ नौ प्रतिशत की दर से बढ़ा।”

उन्होंने कहा कि मार्च और अप्रैल के बीच एक ‘बदलाव का बिंदु’ देखने को मिला, जो पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक संकट के विभिन्न प्रभावों के कारण हुआ। इस संकट की वजह से एलपीजी की किल्लत, आपूर्ति शृंखला में बाधा, महंगाई का दबाव और उपभोक्ता धारणा में नरमी देखी गई है।

शर्मा ने कहा कि मांग कमजोर होने पर किफायती दोपहिया खंड पर ज्यादा असर पड़ता है, जबकि महंगे मोटरसाइकिल खंड में अपेक्षाकृत मजबूती बनी हुई है। यह खंड उद्योग की औसत दर से लगभग दोगुनी गति से बढ़ सकता है।

उन्होंने कहा कि ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका ने उपभोक्ताओं का रुझान इलेक्ट्रिक स्कूटर की तरफ बढ़ाने का काम किया है। कंपनी के इलेक्ट्रिक स्कूटर ‘चेतक’ की बिक्री मार्च तिमाही में 40 प्रतिशत बढ़ी थी और अप्रैल में भी इसमें 60 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई।

शर्मा ने कहा कि आगे बाजार की दिशा काफी हद तक ईंधन कीमतों और महंगाई को नियंत्रित करने के सरकारी प्रयासों पर निर्भर करेगी।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण