कांग्रेस के आपातकाल रूपी पाप पर पर्दा डालने का पाखंड है ‘छात्रों की गूंज’: नकवी

Ads

कांग्रेस के आपातकाल रूपी पाप पर पर्दा डालने का पाखंड है ‘छात्रों की गूंज’: नकवी

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 03:57 PM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 03:57 PM IST

नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को लेकर बृहस्पतिवार को उस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह आपातकाल की बरसी पर मुख्य विपक्षी दल का अपने ‘‘पाप’’ पर पर्दा डालने का पाखंड है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता नक़वी ने यहां भारतीय बौद्ध संघ द्वारा आयोजित ‘‘संविधान हत्या दिवस’’ कार्यक्रम में यह भी कहा कि आज कांग्रेस देश भर में घूम-घूम कर आपातकाल में अपने गुनाहों की माफी मांगने के बजाय बेशर्मी का परिचय दे रही है।

उन्होंने कहा कि आपातकाल को सुरक्षाकवच बना कर कांग्रेस की इस आपराधिक करतूत पाठ्यक्रमों का हिस्सा होना चाहिए।

उनका कहना था, ‘‘आपातकाल कांग्रेस की गलती नहीं, गुनाह था, यह लोकतंत्र की ‘‘लिंचिंग’’ थी…आपातकाल का जुर्म हर पीढ़ी को याद रहना चाहिए।’’

नक़वी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज़ादी के बाद पहली ग़ैर-कांग्रेस सरकार के तीसरे कार्यकाल में निरंतरता के साथ भारत संवैधानिक लोकतंत्र को मज़बूत करता सुशासन और समावेशी सशक्तीकरण का वैश्विक ब्रांड बन गया है।

भाषा हक

हक अविनाश

अविनाश