अभिनेता-निर्देशक शशि कपूर का निधन, अमिताभ के थे सुपरहिट जोड़ीदार  

Ads

अभिनेता-निर्देशक शशि कपूर का निधन, अमिताभ के थे सुपरहिट जोड़ीदार  

  •  
  • Publish Date - December 4, 2017 / 12:38 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:06 PM IST

मुंबई। मशहूर अभिनेता और निर्देशक शशि कपूर आज सबको अलविदा कहकर हमेशा-हमेशा के लिए चले गए। शशि कपूर की पहचान एक ऐसे अभिनेता के रूप में थी, जिन्होंने हर तरह की फिल्में की और अपनी खास पहचान छोड़ी। वो न सिर्फ हिंदी बल्कि अंग्रेजी भाषा में बनी फिल्मों के भी चहेते अभिनेता थे। अपने करियर में शशि कपूर ने 148 हिंदी और 12 इंग्लिश फिल्मों में अभिनय किया।

18 मार्च 1938 को कोलकाता में शशि कपूर का जन्म हुआ था, जिन्होंने 79 साल की उम्र में आज आखिरी सांसें मुंबई के कोकिला बेन अस्पताल में ली। शशि कपूर का असली नाम बलबीर राज कपूर था। पिता पृथ्वीराज कपूर के दो बेटों राज कपूर और शशि कपूर, दोनों ने ही अपनी-अपनी अलग फिल्म स्टूडियो बनाई थी, राज कपूर ने जहां अपने स्टूडियो का नाम आरके स्टूडियो रखा था, वहीं शशि कपूर ने अपने पिता के नाम पर इसे पृथ्वी थिएटर का नाम दिया था। 

1960 और 70 के दशक में शशि कपूर की फिल्में जब-जब फूल खिले, कन्यादान, शर्मीली, आ गले लग जा, रोटी कपड़ा और मकान, चोर मचाए शोर, फकीरा आदि ने उन्हें बॉक्स ऑफिस का चहेता अभिनेता बना दिया था। इसके बाद उनकी जोड़ी अमिताभ बच्चन के साथ बनीं और बॉलीवुड में दो शानदार अभिनेताओं की इस जोड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर लंबे समय तक राज किया। 

अमिताभ के साथ शशि कपूर ने कई जबर्दस्त हिट फिल्में दीं और यहां तक कहा जाने लगा कि अमिताभ को स्टारडम दिलाने के पीछे दीवार में उनके भाई बने शशि कपूर का सबसे बड़ा योगदान था। दीवार, कभी-कभी, सुहाग, ईमान-धरम, त्रिशूल, काला पत्थर, अहसास, शान, दो और दो पांच, नमक हलाल जैसी फिल्में आज भी दर्शकों के दिलो-दिमाग पर ताजी हैं। वैसे तो शशि कपूर उम्र में अमिताभ बच्चन से चार साल बड़े थे, लेकिन ये भी एक संयोग है कि फिल्मों में शशि कपूर को हमेशा अमिताभ के छोटे भाई या फिर कम उम्र का दिखाया गया। 

1984 में पत्नी जेनिफर कपूर की कैंसर से मौत के बाद शशि कपूर अकेले और फिर बीमार रहने लगे। साल 2011 में शशि कपूर को पद्म भूषण से सम्मानित किया, 2015 में उन्हें फिल्म जगत के सबसे बड़े सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 

वेब डेस्क, IBC24