दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कई इलाकों में ‘वॉटर एटीएम’ का उद्घाटन किया

Ads

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कई इलाकों में ‘वॉटर एटीएम’ का उद्घाटन किया

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 02:53 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 02:53 PM IST

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले इलाकों में ‘वॉटर एटीएम’ का उद्घाटन किया।

इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि सरकार शहर के हर निवासी को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए दिन रात काम कर रही है।

उन्होंने कहा, “आज हमारे पास ऐसी सरकार है जो अनधिकृत कॉलोनियों और झुग्गियों के विकास के लिए कई परियोजनाएं चला रही है।’

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने एयू ब्लॉक (एकता कैंप, पीतमपुरा), सोम बाजार रोड (आयुर्वेदिक अस्पताल के सामने, हैदरपुर), एए सेवा बस्ती (फोर्टिस अस्पताल के पास) और सीए ब्लॉक सेवा बस्ती (शालीमार बाग) में लगाए गए ‘वॉटर एटीएम’ का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों को ‘वॉटर एटीएम’ कार्ड भी वितरित किए ताकि वे आसानी से साफ पीने का पानी ले सकें।

उन्होंने कहा, “दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी के हर क्षेत्र और हर घर तक साफ पीने का पानी पहुंचे। ‘वॉटर एटीएम’ इस दिशा में एक अहम कदम हैं, जो लोगों को सस्ता और अच्छी गुणवत्ता वाला पेयजल उपलब्ध कराएंगे।”

गुप्ता ने कहा कि इन सभी ‘वॉटर एटीएम’ में पांच चरण वाली आधुनिक आरओ प्रणाली लगी है, जो हर घंटे करीब 2,000 लीटर शुद्ध पानी देने में सक्षम है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई पाइपलाइन बिछाने, पुरानी पाइपलाइनों को बदलने और संपूर्ण नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए लगभग 9,000 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार अनधिकृत बस्तियों में स्थित सभी झुग्गियों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा, “वह दिन जरूर आएगा जब दिल्ली के हर झुग्गीवासी के पास पक्का मकान होगा। मैं इसके लिए निरंतर प्रयास करती रहूंगी। दिल्ली में लगभग 700 झुग्गी बस्तियां हैं जिनमें लाखों लोग रहते हैं।”

मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में लगभग आठ ‘वॉटर एटीएम’ स्थापित किए गए हैं, जो इंडियन ऑयल कंपनी की सीएसआर पहल का हिस्सा हैं।

मुख्यमंत्री ने अनधिकृत कॉलोनियों के निवासियों से यह भी अनुरोध किया कि वे नई झुग्गियां न बनाएं, क्योंकि इससे सड़कें अवरुद्ध होती हैं और दूसरों के लिए परेशानी पैदा होती है।

बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग के सीए ब्लॉक क्षेत्र में मुनक नहर की सफाई कार्य एवं निर्माणाधीन छठ घाट का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को नहर की सफाई व घाट का निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का समय पर और व्यवस्थित निर्माण सरकार की प्राथमिकता है।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा