दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी, कुछ स्थानों पर 43 डिग्री से ऊपर पहुंचा अधिकतम तापमान

दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी, कुछ स्थानों पर 43 डिग्री से ऊपर पहुंचा अधिकतम तापमान

दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी, कुछ स्थानों पर 43 डिग्री से ऊपर पहुंचा अधिकतम तापमान
Modified Date: November 29, 2022 / 08:31 pm IST
Published Date: April 8, 2022 10:05 pm IST

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) दिल्ली में शुक्रवार को ‘भीषण गर्मी’ पड़ी और सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस साल अब तक का सबसे अधिक तापमान रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को भी भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी देते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

आईएमडी के आंकड़ों से पता चलता है कि दो मौसम केंद्रों को छोड़कर शहर के सभी स्वचालित केंद्रों में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। दिल्ली में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम सात डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।

मुंगेशपुर, नजफगढ़, पीतमपुरा और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान क्रमश: 43 डिग्री सेल्सियस, 43.3 डिग्री सेल्सियस, 43.4 डिग्री सेल्सियस और 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी ने कहा कि भीषण गर्मी का प्रकोप और बढ़ने की आशंका है और शनिवार को सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

हालांकि, मंगलवार से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है, जिसके चलते भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

आईएमडी मौसम संबंधी चेतावनी के लिए चार तरह के अलर्ट जारी करता है। ‘ग्रीन अलर्ट’ में किसी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं होती। ‘येलो अलर्ट’ में सतर्क, जबकि ‘ऑरेंज अलर्ट’ में तैयार रहने को कहा जाता है। ‘रेड अलर्ट’ जारी होने पर कार्रवाई करने की आवश्यकता होती है।

मैदानी इलाकों में, भीषण गर्मी उस वक्त घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक व सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहता है।

भाषा जोहेब सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में