नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली के मालवीय नगर में एक रेस्तरां में आग लगने के कारण 21 लोगों की मौत पर बुधवार को दुख जताया और कहा कि दिल्ली सरकार को घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने के साथ पीड़ित परिवारों को मुआवजा देना चाहिए।
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्तरां में बुधवार को भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की दुखद घटना से बेहद दुखी हूं। उन परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं।’
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और प्रशासन को पीड़ितों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने के साथ समय पर मुआवजा प्रदान करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे इस कठिन समय में पीड़ितों को हर संभव सहयोग दें।’
भाषा हक प्रचेता मनीषा
मनीषा