दिल्ली पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये की लूट के मामले में कंपनी के कर्मी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये की लूट के मामले में कंपनी के कर्मी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये की लूट के मामले में कंपनी के कर्मी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया
Modified Date: June 23, 2026 / 08:00 pm IST
Published Date: June 23, 2026 8:00 pm IST

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) उत्तर दिल्ली के जखीरा फ्लाईओवर के पास इस महीने की शुरुआत में दो व्यक्तियों से बंदूक के बल पर डेढ़ करोड़ रुपये की लूट पीड़ित की कंपनी के एक कर्मचारी की मदद से की गई थी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कंपनी के एक कर्मचारी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। लूट 10 जून को सराय रोहिल्ला इलाके में जखीरा फ्लाईओवर के पास हुई थी।

पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता और उसका एक सहयोगी लगभग 1.5 करोड़ रुपये नकद ले कर स्कूटर से जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उन्हें रोक लिया। एक आरोपी ने पिस्तौल लहराई और दोनों नकदी से भरे दो बैग लेकर भाग गए।

अधिकारियों ने कहा कि कई टीमों की 11 दिन की गहन जांच के बाद मामला सुलझा लिया गया।

जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपियों ने लूट की साजिश सावधानीपूर्वक रची थी और इसे अंजाम देने के लिए एक मोटरसाइकिल, एक स्कूटर और एक कार का इस्तेमाल किया था।

उत्तर दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजा बांठिया ने एक बयान में कहा, ‘पुलिस ने लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और कई राज्यों में संदिग्धों की गतिविधियों पर नज़र रखी।’

उनके मुताबिक, सफलता तब मिली जब पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किए गए स्कूटर की पहचान की। दो नाबालिगों को पकड़ा गया और उनसे पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी वीरेश उर्फ वीरू और मनप्रीत उर्फ ट्विंकल तक पहुंच गई।

उन्होंने बताया कि जांच से पता चला कि जिस कंपनी की नकदी लूटी गई थी, उसके कर्मचारी करण ने कथित तौर पर पैसे की आवाजाही के बारे में जानकारी लीक की थी और गिरोह के साथ इसकी ‘लाइव लोकेशन’ साझा की थी।

अधिकारी ने कहा, ‘करण घटना के समय शिकायतकर्ता के साथ था और आरोपी को नकदी की आवाजाही का विवरण दे रहा था।’

उन्होंने कहा कि पुलिस ने बाद में करण, मनप्रीत और मनप्रीत के पिता चरणजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जो कथित तौर पर साजिश का हिस्सा थे। उनके पास से 49.5 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई।

टीमों ने बाद में दो मुख्य आरोपियों, विक्की उर्फ गंजा और धीर सिंह की पहचान की। दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड है। दोनों गिरफ्तारी से बचने के लिए राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों में गए।

अधिकारी ने कहा, ‘आठ राज्यों में लगभग 4,000 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद, पुलिस ने उनका पता लगा लिया और 22 जून को दिल्ली लौटने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।’

बांठिया के मुताबिक, पुलिस ने लूटी गई रकम में से 1.15 करोड़ रुपये बरामद कर लिए। साथ ही अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और स्कूटर भी जब्त कर लिया। कथित तौर पर लूटी गई नकदी से खरीदे गए मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

भाषा नोमान

नोमान नरेश अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में