जम्मू कश्मीर: रामबन प्रशासन ने उपायुक्त के नाम से बनाए गए फर्जी अकाउंट को लेकर सतर्क किया
जम्मू कश्मीर: रामबन प्रशासन ने उपायुक्त के नाम से बनाए गए फर्जी अकाउंट को लेकर सतर्क किया
जम्मू, तीन सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के रामबन प्रशासन ने लोगों को उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल करके बनाये गये फर्जी व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया अकाउंट को लेकर सावधान किया है।
प्रशासन ने लोगों से कहा है कि वे इस अकाउंट पर जवाब न दें और न ही इससे किसी तरह संपर्क स्थापित करें।
खान ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए यह परामर्श जारी किया।
उन्होंने कहा, ‘‘रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल करके फर्जी व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया अकाउंट बनाया गया है। स्क्रीनशॉट में दिखाया गया नंबर असल नहीं है।’’
उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे इस सोशल मीडिया अकाउंट पर जवाब न दें, अपनी निजी जानकारी साझा न करें, पैसे न भेजें और किसी भी तरह से इस अकाउंट से संपर्क न करें।
उन्होंने कहा, ‘‘कृपया सतर्क रहें और ऐसे फर्जी अकाउंट की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।’’
उन्होंने साइबर धोखाधड़ी को रोकने के लिए जनता से सहयोग की अपील की।
भाषा देवेंद्र वैभव
वैभव

Facebook


