दिल्ली पुलिस ने पीतमपुरा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया, 19 गिरफ्तार

Ads

दिल्ली पुलिस ने पीतमपुरा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया, 19 गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 04:36 PM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 04:36 PM IST

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) दिल्ली के पीतमपुरा क्षेत्र में पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर 12 महिलाओं समेत 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों पर आरोप है कि उन्होंने एक वित्तीय कंपनी के प्रतिनिधि बनकर देश के विभिन्न राज्यों के लोगों के साथ ठगी की है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को ऋण और बीमा संबंधी सेवाएं देने का झांसा देते थे और प्रक्रिया संबंधी शुल्क के नाम पर 1500-2000 हजार रुपये डिजिटल माध्यम से वसूल लेते थे।

उन्होंने बताया कि पैसा मिलने के बाद, आरोपी कॉल का जवाब देना बंद कर देते थे और पकड़े जाने से बचने के लिए अपने सिम कार्ड बदल देते थे।

अधिकारी ने बताया, ‘इलाके में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर के बारे में विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद सात अप्रैल को यह अभियान चलाया गया, जिसके बाद संयुक्त छापेमारी की गई।’

उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान 19 लोग फोन पर बात करने में लिप्त पाये गये और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि एक महिला की पहचान ‘टीम लीडर’ के रूप में हुई है और उसने खुलासा किया कि यह ठगी का सारा काम पीतमपुरा में स्थित एक ‘मैनेजर’ की देखरेख में चलाया गया था, जिसने उन्हें संभावित लक्ष्यों का डाटा और अन्य विवरण उपलब्ध कराया था।

पुलिस ने बताया कि कथित साजिशकर्ता का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस ने 36 मोबाइल फोन और अन्य समान जब्त किया है।

भाषा नोमान नोमान देवेंद्र

देवेंद्र