दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया, चार लोग गिरफ्तार

Ads

दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया, चार लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 06:03 PM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 06:03 PM IST

नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने फर्जी स्टॉक ट्रेडिंग और निवेश योजनाओं के जरिये एक व्यक्ति से 45 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों में फैला एक संगठित नेटवर्क संचालित कर रहे थे और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट और निवेश समूह बनाकर लोगों को शेयर बाजार के गुर और भारी मुनाफे का लालच देते थे।

मामला 2025 का है, जब एक दिल्ली के निवासी ने शिकायत दर्ज कराई कि उससे 45.25 लाख रुपये की ठगी की गई है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित से पहले सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया गया और बाद में उसे एक समूह में जोड़ा गया, जिसे आरोपी वित्तीय सलाहकार बनकर चला रहे थे।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) आदित्य गौतम ने बताया कि पीड़ित को लगभग एक महीने में 15 अलग-अलग लेनदेन के तहत आठ अलग-अलग बैंक खातों में पैसे अंतरित करने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि जब उसने अपने निवेश और कथित मुनाफे को निकालने की कोशिश की तो समूह और सोशल मीडिया अकाउंट निष्क्रिय हो गए तथा ट्रेडिंग ऐप ने काम करना बंद कर दिया।

अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिशु गर्ग, दीपक जून उर्फ विकास, अमित गिरि और सुनील कुमार के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा कि रिशु की मां रेणु गर्ग को भी कानूनी प्रावधानों के तहत पाबंद किया गया है।

डीसीपी के अनुसार जांच में पता चला कि ठगी गई रकम में से चार लाख रुपये रेणु के बैंक खाते में जमा हुए थे।

पुलिस ने कहा कि रेणु ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा रिशु गर्ग ही उस खाते का संचालन कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, रिशु ने दीपक को 25,000 रुपये के बदले नेट बैंकिंग की जानकारी दी और लेनदेन की सीमा एक करोड़ रुपये तक बढ़ा दी।

पुलिस ने चार मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड जब्त किए हैं और कई बैंक खातों पर रोक लगा दी है। सिंडिकेट के अन्य सदस्यों, विशेषकर ‘मैक्स’की तलाश जारी है, जो संभवतः दिल्ली से बाहर से काम कर रहा है।

भाषा जोहेब

देवेंद्र