बकरीद से पहले दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है, सोशल मीडिया पर कड़ी नजर

Ads

बकरीद से पहले दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है, सोशल मीडिया पर कड़ी नजर

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 09:39 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 09:39 PM IST

नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ईद-उल-अज़हा से पहले हाई अलर्ट पर है और सभी जिलों, विशेषकर संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने गश्त तेज़ कर दी है और फ्लैग मार्च निकाले गए हैं तथा कुर्बानी के वीडियो के प्रसार या सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने वाली किसी भी भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए सोशल मीडिया मंचों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

अतिरिक्त बलों सहित पुलिस कर्मियों को अहम स्थानों पर तैनात किया गया है, जबकि जिला इकाइयों को चौबीसों घंटे निगरानी रखने और सामुदायिक नेताओं और मस्जिद समितियों के साथ समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘विशेष टीमें सोशल मीडिया मंच पर नजर रख रही हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट, अफवाहें, भड़काऊ संदेश या कुर्बानी के वीडियो ऑनलाइन अपलोड या प्रसारित न हों। सोशल मीडिया के माध्यम से शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’

पुलिस के अनुसार, त्योहार के दौरान विभिन्न सोशल मीडिया मंचों और संदेश भेजने वाली ‘ऐप’ पर निगरानी रखने के लिए साइबर टीमों को तैनात किया गया है।

अधिकारियों ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी न देने और नागरिक एवं सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी सभी कानूनी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली में, संयुक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी रेंज) अजीत कुमार सिंगला की अध्यक्षता में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें इमामों, अमन समितियों के सदस्यों, नागरिक भाईचारा समितियों के सदस्यों, नगर निगम के अधिकारियों और अन्य हितधारकों ने भाग लिया।

अधिकारियों ने लोगों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि त्योहार के दौरान अपशिष्ट का उचित निपटान हो तथा इलाकों में साफ-सफाई और स्वच्छता बनी रहे।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने कहा कि लोगों से अपील की गई है कि वे कुर्बानी के वीडियो या तस्वीरें न बनाएं और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें।

त्योहार से पहले विश्वास बढ़ाने के उपायों के तहत अन्य जिलों में भी इसी तरह की बैठकें आयोजित की गईं।

द्वारका में, डीसीपी कुशल पाल सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक हुई जिसमें 150 से अधिक मस्जिदों के इमाम और समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ-साथ सहायक पुलिस आयुक्तों (एसीपी) और थाना प्रभारी भी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान, पुलिस ने त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियमन और जन सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

वरिष्ठ अधिकारियों ने समुदाय के नेताओं से पुलिस के साथ सहयोग करने, अफवाहें या गलत सूचनाएं फैलाने से बचने और त्योहार के दौरान शांति और भाईचारे को बढ़ावा देने की अपील की।

एक अधिकारी ने बताया, “जिला पुलिस को कड़ी निगरानी रखने, नियमित गश्त सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ घनिष्ठ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।”

पूर्वी जिले की पुलिस ने अतिरिक्त बलों के साथ मिलकर विभिन्न इलाकों में व्यापक पैदल गश्त किया ताकि पुलिस की उपस्थिति बढ़ाई जा सके और निवासियों को आश्वस्त किया जा सके।

स्टेशन लक्ष्मी नगर थाने में इलाके में सांप्रदायिक सद्भाव, शांति और समन्वय को बढ़ावा देने के लिए अमन कमेटी और आरडब्ल्यूए की बैठक आयोजित की।

अधिकारियों ने बताया कि मध्य दिल्ली में, जनता में सुरक्षा का भाव जगाने के लिए पुलिस की मंगलवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास अजमेरी गेट चौक से फ्लैग मार्च निकाला।

उन्होंने कहा कि ईद-उल-अज़हा पूरे शहर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है।

बकरीद का त्योहार 28 मई को मनाया जाएगा।

भाषा नोमान

नोमान माधव

माधव