दिल्ली पुलिस ने सांसद पप्पू यादव के आवास पर मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज की

Ads

दिल्ली पुलिस ने सांसद पप्पू यादव के आवास पर मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज की

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 02:55 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 02:55 PM IST

नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के दिल्ली स्थित आवास पर संवाददाता सम्मेलन के बीच झड़प के दौरान पुलिसकर्मियों पर कथित हमले और उनके काम में बाधा डालने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह प्राथमिकी दर्ज होने से एक दिन पहले रविवार को संवाददाता सम्मेलन के दौरान दो लोगों ने यादव के आवास में प्रवेश किया और सांसद पर चप्पल फेंकी जिससे उनके और यादव के समर्थकों के बीच झड़प हुई और पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी पड़ी। इस घटना से थोड़ी देर के लिए हंगामे की स्थिति पैदा हो गई और दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के कई प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें धारा 221 (लोक सेवक के आधिकारिक कर्तव्यों के निर्वहन में बाधा डालना), धारा 121 (1) (लोक सेवक को आधिकारिक कर्तव्यों का पालन करने से रोकने या रोकने के इरादे से स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), धारा 132 (लोक सेवक के खिलाफ हमला करना या आपराधिक बल का उपयोग करना) और धारा 3 (5) (सामान्य) इरादा शामिल है।

एक अधिकारी ने कहा कि सांसद के आवास पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान कर्तव्यों का पालन करते समय उनके काम में बाधा डाली गई और उन पर हमला किया गया, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।

जांचकर्ता परिसर और आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच कर रहे हैं, गवाहों और पुलिस कर्मियों के बयान दर्ज कर रहे हैं और अन्य सबूत इकट्ठा कर रहे हैं।

यादव जब संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने उनके नाटक को लेकर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि उन्होंने भगवान राम का अपमान किया है। इसके बाद उसने यादव पर चप्पल फेंक दी, जिसके बाद बिहार के पूर्णिया से सांसद यादव के समर्थकों और हमलावर के बीच हाथापाई हो गई।

पुलिस ने कहा कि दोनों को हिरासत में लिया गया और उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू की गई।

अधिकारी ने कहा, ‘घटना के पीछे के मकसद की भी जांच की जा रही है। हम आरोपियों के दावों के साथ-साथ आवास पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के बयान की भी जांच कर रहे हैं।’

राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने शुक्रवार को भगवा कपड़े पहनकर संसद परिसर में मकर द्वार के सामने अन्य विपक्षी सांसदों के साथ नाटक किया था।

यह प्रदर्शन अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के विरोध में किया गया था। इस दौरान राहुल गांधी समेत विभिन्न सांसदों ने दान पेटी में पैसे डाले, जबकि यादव ने राम मंदिर में हुई ‘चोरी’ को दिखाने के लिए कथित रूप से पैसे अपनी जेब में रख लिए।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश