नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने बहु-स्तरीय विपणन (एमएलएम) आधारित फ्रेंचाइजी निवेश योजना के माध्यम से 1,000 से अधिक निवेशकों से 4.17 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में एक निजी कंपनी के तीन निदेशकों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उनके मुताबिक, आरोपियों की पहचान एम/एस डुवेरा रिटेल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक भूप सिंह, गौरव वर्मा और संजीव शर्मा के तौर पर हुई है। उन्हें सोमवार को पूर्वी दिल्ली के विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया गया।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, कंपनी ने ‘फनटेस्टिक कैफे’ ब्रांड के तहत योजना संचालित की और सुनिश्चित मासिक रिटर्न, कमीशन आदि का वादा कर निवेशकों को लुभाया।
यह मामला तब सामने आया जब कई निवेशकों ने शिकायत की कि कंपनी ने रिटर्न का वादा कर निवेश करा लिया, लेकिन बाद में भुगतान करने में चूक की, अपने दफ्तर और डिजिटल मंच बंद कर दिए और निवेशकों से संपर्क तोड़ लिया।
इस शिकायत के आधार पर 22 मई को प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच में पता चला कि लगभग 1,069 निवेशकों ने कुल मिलाकर करीब 4.17 करोड़ रुपये का निवेश किया था, जिसमें से लगभग 2.88 करोड़ रुपये का भुगतान अब भी बाकी है।
जांचकर्ताओं का आरोप है कि कंपनी वैध कारोबारी गतिविधियों के जरिए मुनाफा कमाने के बजाय नए निवेशकों से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल पुराने निवेशकों को भुगतान करने में कर रही थी।
बयान में कहा गया है कि 70 से ज़्यादा निवेशक जांच में शामिल हुए हैं और उन्होंने दस्तावेज़ी और डिजिटल सबूत जमा किए हैं, जिनमें बैंक लेन-देन रिकॉर्ड, निवेश की रसीदें, बातचीत और प्रचार सामग्री शामिल हैं।
जांच के तहत आरोपियों से जुड़े चार बैंक खातों को ‘फ्रीज’ कराया गया। बयान में कहा गया है कि गिरफ्तारी से पहले तीनों आरोपियों के खिलाफ ‘‘लुक आउट सर्कुलर’’ (एलओसी) भी जारी किए गए थे।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश