नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव डेरेक ओ’ब्रायन ने शनिवार को अपनी पार्टी के किसी अन्य राजनीतिक दल में विलय की अटकलों को खारिज करते हुए संबंधित खबरों को ‘‘फर्जी’’ करार दिया।
उनकी यह टिप्पणी टीएमसी के भविष्य को लेकर जारी अटकलों के बीच आई, जो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद अंदरूनी संकट से जूझ रही है।
ओ’ब्रायन ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘मैं टीएमसी के किसी दूसरी पार्टी में विलय की इस फर्जी खबर को खारिज करना चाहता हूं। यह निराधार है। हां, मेरे दोस्त केसी वेणुगोपाल ने इसके लिए बिल्कुल सही शब्द इस्तेमाल किया है।’’
इस हफ़्ते नयी दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच कई बैठकों के बाद संभावित विलय की अटकलों ने ज़ोर पकड़ लिया।
टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। यह मुलाकात राष्ट्रीय राजधानी में ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के एक दिन बाद हुई। कांग्रेस ने गठबंधन की बैठक में दोनों नेताओं द्वारा एक-दूसरे का गर्मजोशी से अभिवादन किए जाने की एक तस्वीर भी जारी की थी।
हालांकि, किसी भी पक्ष ने ममता और सोनिया की मुलाक़ात के ब्योरे की जानकारी नहीं दी, लेकिन सूत्रों का कहना है कि बनर्जी ने विपक्ष की एकता पर ज़ोर दिया और कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन को जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने तथा भाजपा को चुनौती देने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
इसके एक दिन बाद, टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।
सूत्रों ने बताया कि राहुल और अभिषेक की यह मुलाक़ात, इस हफ़्ते की शुरुआत में ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में हुई चर्चा के बाद कांग्रेस और टीएमसी के बीच जारी बातचीत का ही एक हिस्सा थी।
कांग्रेस और टीएमसी दोनों ने ही विलय की अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने ऐसी खबरों को बेबुनियाद निराधार बताया है और कहा है कि उनकी हालिया बातचीत का मकसद विपक्ष के बीच तालमेल को मजबूत करना था।
भाषा
नेत्रपाल पवनेश
पवनेश