नयी दिल्ली, 17 मई (भाषा) दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लोगों को निजी वाहनों से सार्वजनिक परिवहन की ओर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कई उपायों की घोषणा की है, जिनमें प्रत्येक सोमवार को मेट्रो ट्रेन के 24 अतिरिक्त फेरे, अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, टिकट सुविधाओं का विस्तार और गंतव्य तक संपर्क सेवाओं को मजबूत करना शामिल हैं।
डीएमआरसी ने रविवार को कहा कि वह 18 मई से प्रत्येक सोमवार को छह अतिरिक्त ट्रेन के संचालन के साथ 24 अतिरिक्त फेरे शुरू करेगा, जबकि यात्रियों की मांग के आधार पर अन्य दिनों में भी इसी तरह की व्यवस्था की जा सकती है।
यह कदम जन परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने और शहरी यातायात को बेहतर करने की कोशिशों के तहत उठाया गया है। इसके पीछे ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाने, पर्यावरणीय स्थिरता को प्रोत्साहित करने और पेट्रोलियम आधारित परिवहन पर निर्भरता घटाने पर बढ़ता जोर प्रमुख वजह माना जा रहा है।
डीएमआरसी के अनुसार, अतिरिक्त सेवाओं का उद्देश्य यात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि को संभालना और व्यस्त यात्रा अवधि के दौरान सुचारू और निर्बाध संचालन करना है।
इसने कहा कि यात्रियों की मांग पर कड़ी नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर इसके बाद के कदम उठाए जाएंगे।
डीएमआरसी ने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने के लिए डीएमआरसी अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को तैनात करेगा, अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलेगा, अतिरिक्त ‘डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर’ और ‘बैगेज स्कैनर’ का इस्तेमाल करेगा और सुरक्षा जांच बिंदुओं पर प्रतीक्षा समय को कम करने के लिए कदम उठाएगा।
भाषा शुभम खारी
खारी