उत्तराखंड के नारायणबगड़ में अस्पताल की दीवार गिरी, मलबे में दबकर चिकित्सक की मौत

Ads

उत्तराखंड के नारायणबगड़ में अस्पताल की दीवार गिरी, मलबे में दबकर चिकित्सक की मौत

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 07:07 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 07:07 PM IST

गोपेश्वर, 11 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड में चमोली जिले के थराली क्षेत्र में शनिवार को भारी बारिश के कारण एक सरकारी अस्पताल के परिसर की दीवार ढहने से उसके नीचे दबकर एक चिकित्सक की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, हादसा दोपहर को नारायणबगड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में तब हुआ जब स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी के रूप में तैनात डॉ. नवीन डिमरी (45) इस साल 28 जून को भूस्खलन और बाढ़ से हुए नुकसान की मरम्मत के लिए किए जा रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे थे और इसी दौरान अचानक दीवार क्षतिग्रस्त होकर ढह गयी ।

डॉ. डिमरी दीवार की चपेट में आकर उसके मलबे में दब गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला और स्वास्थ्य केंद्र ले गए। बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें कर्णप्रयाग के उपचिकित्सालय रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया ।

डॉ. डिमरी चमोली जिले में गोपेश्वर क्षेत्र के देवलधार गांव के रहने वाले थे।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को उन्होंने ओपीडी में मरीजों का उपचार भी किया था, लेकिन दोपहर को वह निर्माण कार्य का निरीक्षण करने चले गए।

भाषा सं दीप्ति संतोष

संतोष