नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने स्नातक पाठ्यक्रमों में पाठ्येत्तर गतिविधियों (ईसीए) कोटा के तहत प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यार्थियों के लिए प्रायोगिक परीक्षा और परीक्षा स्थल की जानकारी सार्वजनिक कर दी है। अधिकतर श्रेणियों के लिए शारीरिक परीक्षा 16 जुलाई से शुरू होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन यह परीक्षा कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) पोर्टल के जरिए जारी स्नातक प्रवेश प्रक्रिया के बीच आयोजित करा रहा है।
डीयू के मुताबिक अलग-अलग उम्मीदवारों के लिए तय तारीख और समय की विस्तृत सूची एप्लीकेशन में सुधार की प्रक्रिया बंद होने के बाद 14 जुलाई तक जारी की जाएगी।
एक बयान के मुताबिक जिन उम्मीदवारों को परीक्षा का समय और स्थान की जानकारी प्राप्त करनी है , उन्हें विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर नियमित नजर रखनी चाहिए और अलग से सूचना नहीं भेजी जाएगी।
विश्वविद्यालय ने कहा कि दिल्ली के बाहर के अभ्यर्थियों को अपनी ईसीए श्रेणी के लिए तय परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी तारीख के लिए यात्रा टिकट बुक कर लेने चाहिए, न कि अलग-अलग सूची का इंतज़ार करना चाहिए; क्योंकि प्रायोगिक परीक्षा की तारीखों के आस-पास आरक्षित टिकट मिलने में परेशान हो सकती है।
ऐसे उम्मीदवारों को यह सलाह भी दी गई कि वे तय प्रायोगिक परीक्षा स्थल के पास रहने की व्यवस्था करें ।
परामर्श में कहा गया है कि जिन उम्मीदवारों की प्रायोगिक परीक्षा की तय तारीख वही है जो उनकी आरक्षित यात्रा टिकट की तारीख है, तो वे विश्वविद्यालय को लिखकर तारीख बदलने का अनुरोध कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ऐसे अनुरोधों पर विचार करेगा, बशर्ते कि तय प्रायोगिक परीक्षा अवधि के दौरान ऐसा करना संभव हो।
संभावित समय सारिणी के अनुसार नृत्य, वाद-विवाद, गायन और रंगमंच के लिए प्रायोगिक परीक्षा 16 जुलाई से शुरू होंगी और रविवार को छोड़कर लगभग एक हफ़्ते तक चलने की उम्मीद है। योग की प्रायोगिक परीक्षा 17 जुलाई से शुरू होंगे और लगभग दो दिनों तक चलेगी।
संभावित समयसारिणी के अनुसार नृत्य की प्रायोगिक परीक्षा भारती कॉलेज में होने की उम्मीद है, जबकि वाद-विवाद की प्रायोगिक परीक्षा रामजस कॉलेज में होगी।
जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज (संध्या पाली) में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता की परीक्षा 20 जुलाई को होगी, जबकि ललित कला की प्रायोगिक परीक्षा उसी दिन शुरू होकर तीन से चार दिनों तक चलेगी। रचनात्मक लेखन और वाद्य यंत्र वादन परीक्षा के साथ ही डिजिटल मीडिया श्रेणी की प्रायोगिक परीक्षा 21 जुलाई से शुरू होगी।
विश्वविद्यालय ने अलग-अलग श्रेणियों के लिए अलग-अलग नोडल कॉलेज तय किए हैं। रंगमंच की प्रतियोगिता के लिए मिरांडा हाउस, गायन के लिए माता सुंदरी कॉलेज फॉर विमेन, वाद्ययंत्र वादन के लिए श्री अरबिंदो कॉलेज (सुबह पाली), रचनात्मक लेखन के लिए हंसराज कॉलेज, डिजिटल मीडिया के लिए महाराजा अग्रसेन कॉलेज, ललित कला के लिए आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज परीक्षा स्थल होंगे।
नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी)और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) श्रेणी के लिए कोई शारीरिक परीक्षा नहीं होगी।
विश्वविद्यालय ने कहा कि अभ्यार्थियों के अंक 25 या 26 जुलाई के आसपास प्रवेश पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे, जिसके बाद दो-तीन दिनों के लिए शिकायत दर्ज कराने की सुविधा दी जाएगी।
भाषा धीरज मनीषा
मनीषा