हाइब्रिड गांजा तस्करी से जुड़े धनशोधन मामले में केरलम में ईडी की कई जगहों पर छापेमारी

हाइब्रिड गांजा तस्करी से जुड़े धनशोधन मामले में केरलम में ईडी की कई जगहों पर छापेमारी

हाइब्रिड गांजा तस्करी से जुड़े धनशोधन मामले में केरलम में ईडी की कई जगहों पर छापेमारी
Modified Date: September 3, 2026 / 11:04 am IST
Published Date: September 3, 2026 11:04 am IST

कोच्चि, तीन सितंबर (भाषा) थाईलैंड से हाइब्रिड गांजे की तस्करी से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को कोझिकोड और पलक्कड़ जिलों में कई स्थानों पर छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ईडी अधिकारियों के अनुसार, कोझिकोड और पलक्कड़ जिलों में आरोपियों अबू ताहिर, हरिकृष्णन, जगत और जैसल के आवासों पर तलाशी ली जा रही है।

इस वर्ष जून में एर्णाकुलम ग्रामीण पुलिस ने एक दंपति को गिरफ्तार किया था और पेरुम्बावूर से करीब 18 किलोग्राम हाइब्रिड गांजा बरामद किया था। इसकी कीमत लगभग 18 करोड़ रुपये बताई गई थी।

हाइड्रोपोनिक तकनीक से उगाए जाने वाले हाइब्रिड गांजे की कथित तौर पर मुख्य रूप से थाईलैंड से केरलम में तस्करी की जाती है।

इसके बाद पुलिस ने नौ और लोगों को गिरफ्तार किया था। इन लोगों पर थाईलैंड से बड़ी मात्रा में हाइब्रिड गांजे की तस्करी करने वाले एक गिरोह का हिस्सा होने का आरोप है।

पुलिस की जांच के आधार पर ईडी ने हाल ही में धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया है।

ईडी अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर थाईलैंड से भारत तक मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित बड़ी मात्रा में धन के शोधन में शामिल थे।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर अवैध माध्यमों से थाईलैंड में पैसे भेजे।

ईडी इस मामले में विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के उल्लंघन की भी जांच कर रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर ऐसे लोगों को भी तस्करी के लिए नियुक्त किया था, जो अपने साथ मादक पदार्थ लेकर थाईलैंड से भारत आते थे। आरोपियों ने इन लोगों के लिए वीजा की व्यवस्था की और उन्हें इसके लिए पैसे भी दिए।

ईडी के सूत्रों ने बताया कि इस गिरोह में कथित रूप से शामिल कुछ आरोपी अब भी थाईलैंड में हैं। पुलिस और एजेंसी उन्हें भारत वापस लाने के प्रयास कर रही हैं।

भाषा गोला शोभना

शोभना


लेखक के बारे में