ईडी ने वीडियोकॉन समूह के खिलाफ जांच में ब्रिटिश नागरिक के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया

Ads

ईडी ने वीडियोकॉन समूह के खिलाफ जांच में ब्रिटिश नागरिक के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 06:19 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 06:19 PM IST

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कहा कि उसने वीडियोकॉन समूह से जुड़े बैंक ऋण धोखाधड़ी और धनशोधन मामले में एक ब्रिटिश नागरिक के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है।

यह मामला कंपनी की मोजाम्बिक, ब्राजील और इंडोनेशिया स्थित तेल एवंगैस संपत्तियों के वित्तपोषण से जुड़ा है।

एजेंसी ने एक बयान में कहा कि पूरक अभियोजन शिकायत में सचिन देव दुग्गल, स्विस कंपनी एनहोल्डिंग्स एसए चेयरमैन और भारतीय प्रौद्योगिकी फर्म निवियो टेक्नोलॉजीज और इंजीनियर.एआई के लाभकारी मालिक का नाम शामिल है।

दुग्गल ब्रिटेन के नागरिक और निवासी हैं। जांच के दौरान वह ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए और उन्होंने ईमेल के माध्यम से केवल ‘अधूरे और टालमटोल वाले’ दस्तावेज़ी जवाब ही दिए।

इस मामले में ईडी ने दिसंबर 2025 में पहला आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें वीडियोकॉन ग्रुप के प्रवर्तक वेणुगोपाल धूत और 12 अन्य को आरोपी बनाया गया था।

फरवरी में एक विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने फरवरी इस पर संज्ञान लिया।

धनशोधन का यह मामला जून 2020 में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी से जुड़ा है। इसमें आरोप लगाया गया था कि वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज लिमिटेड (वीआईएल) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी वीडियोकॉन हाइड्रोकार्बन होल्डिंग्स लिमिटेड (वीएचएचएल) ने भारतीय स्टेट बैंक के नेतृत्व वाले बैंकों के एक समूह से 277.36 करोड़ अमेरिकी डॉलर की एसबीएलसी (स्टैंडबाय लेटर ऑफ क्रेडिट) सुविधा ली थी।

ईडी के अनुसार, यह ऋण सुविधा मोजाम्बिक, ब्राजील और इंडोनेशिया में विदेशी तेल और गैस संपत्तियों के विकास के लिए ली गई थी।

भाषा अमित रंजन

रंजन