नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म गेम्सक्राफ्ट के खिलाफ धन शोधन मामले में तलाशी अभियान पूरा करने के बाद 526 करोड़ रुपये की बैंक जमा राशि पर रोक लगा दी है और 3.5 करोड़ रुपये के सोने के आभूषणों के साथ 11 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बेंगलुरु स्थित कंपनी के खिलाफ सात मई को दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और कर्नाटक की राजधानी में तलाशी अभियान शुरू किया गया था। छापेमारी 13 मई को समाप्त हुई।
उन्होंने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अभियान के दौरान बैंक जमा राशि, बांड और सावधि जमा जैसी कुल 526.49 करोड़ रुपये की चल संपत्तियों पर रोक लगा दी गई जबकि 3.5 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और 11 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
छापेमारी के बाद, ईडी ने कंपनी के तीन संस्थापकों दीपक सिंह, पृथ्वी राज सिंह और विकास तनेजा को गिरफ्तार किया था।
केंद्रीय एजेंसी ने कथित धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित कई पुलिस प्राथमिकी का संज्ञान लेते हुए गेम्सक्राफ्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड और अन्य संबंधित कंपनियों के खिलाफ धन शोधन का मामला दर्ज किया।
ईडी अधिकारियों के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म विभिन्न ऑनलाइन रियल-मनी गेम्स जैसे ‘रमीकल्चर’, रमीटाइम ऐप का मालिक है। सरकार ने अगस्त 2025 में ऑनलाइन मनी गेमिंग पर प्रतिबंध लगा दिया था।
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश