सर्वकालिक निचले स्तर को छूने के बाद रुपया दो पैसे की बढ़त के साथ 95.64 प्रति डॉलर पर बंद

Ads

सर्वकालिक निचले स्तर को छूने के बाद रुपया दो पैसे की बढ़त के साथ 95.64 प्रति डॉलर पर बंद

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 09:53 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 09:53 PM IST

मुंबई, 14 मई (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.96 प्रति डॉलर के अब तक नए निचले स्तर को छूने के बाद अंत में डॉलर के मुकाबले दो पैसे के मामूली सुधार के साथ 95.64 पर रहा। मजबूत अमेरिकी मुद्रा और ऊर्जा की ऊंची कीमतों के बीच मुद्रास्फीति की चिंताओं के बीच रुपये अपने सर्वकालिक निचले स्तर तक गया।

उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी से भारत के कच्चे तेल आयात पर असर पड़ा है। कच्चे तेल की कीमतों में तेज वृद्धि से ईंधन आयात भी महंगा हो गया है।

कारोबारियों के अनुसार, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, मजबूत डॉलर और पश्चिम एशिया संकट को लेकर चिंताओं के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है, जिससे रुपया इस वर्ष एशिया की सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बन गया है। इस साल अब तक इसमें छह प्रतिशत से अधिक की गिरावट आ चुकी है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 95.74 पर कमजोर खुला। दिनभर उतार-चढ़ाव वाले कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 95.61 के उच्च स्तर और 95.96 के सर्वकालिक निचले स्तर तक गई। अंत में रुपया 95.64 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से दो पैसे की मजबूती है।

बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.80 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया था और अंत में 95.66 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, “मुद्रास्फीति की चिंताओं और मजबूत डॉलर के कारण रुपये में नकारात्मक रुख बने रहने की आशंका है। अमेरिका में बढ़ती मुद्रास्फीति से फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ी है।”

उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव तथा विदेशी कोषों की निकासी भी रुपये पर दबाव बना सकती है।

हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक के संभावित हस्तक्षेप और सोने-चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाए जाने जैसे कदम निचले स्तर पर रुपये को कुछ समर्थन दे सकते हैं।

चौधरी ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.50 से 96.10 के दायरे में रह सकता है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत गिरकर 98.51 पर कारोबार कर रहा था।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.50 प्रतिशत बढ़कर 106.16 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 789.74 अंक चढ़कर 75,398.72 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 277 अंक बढ़कर 23,689.60 अंक पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 187.46 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीद की।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय