भुवनेश्वर, 21 जुलाई (भाषा) ओडिशा पुलिस ने पुरी रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से होटल बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाली कम से कम आठ फर्जी होटल वेबसाइट को बंद करा दिया है। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।
साइबर सुरक्षा अभियान चला रही अपराध शाखा ने श्रद्धालुओं से सतर्क रहने और होटल की बुकिंग केवल विश्वसनीय एवं अधिकृत माध्यमों से ही करने की अपील की है।
अपराध शाखा ने बयान में कहा, ‘‘20 जुलाई को आठ फर्जी होटल वेबसाइट को बंद करा दिया गया। हम सभी श्रद्धालुओं से अपील करते हैं कि वे सतर्क रहें, साइबर सुरक्षा संबंधी सलाह का पालन करें, होटल बुकिंग केवल वास्तविक स्रोतों से ही करें और सुरक्षित तथा साइबर जागरूक रथ यात्रा-2026 सुनिश्चित करने में पुलिस का सहयोग करें।’’
बयान के अनुसार, अभियान के तहत एक विशेष टीम तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, होटल मालिकों, स्थानीय लोगों और अन्य संबंधित पक्षों को त्योहार के दौरान उभर रहे साइबर खतरों के प्रति जागरूक कर रही है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टीम पुरी के प्रमुख होटल का दौरा कर उनके प्रबंधन को रथ यात्रा के दौरान पर्यटकों और श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले फर्जी होटल बुकिंग धोखाधड़ी के बारे में जागरूक कर रही है। साथ ही होटल की वेबसाइट का भी आकलन किया जा रहा है और उनमें मौजूद संभावित कमजोरियों को दूर करने के लिए परामर्श जारी किया जा रहा है।
पुरी में 16 जुलाई से शुरू हुई रथ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुंचे हैं। यह उत्सव 27 जुलाई को ‘नीलाद्रि बीजे’ अनुष्ठान के साथ संपन्न होगा, जिसमें भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा गुंडिचा मंदिर से वापस जगन्नाथ मंदिर लौटेंगे।
भाषा मनीषा आशीष
आशीष