हिप्र: मनाली के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

हिप्र: मनाली के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 05:11 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 05:11 PM IST

मनाली (हिमाचल प्रदेश), तीन जून (भाषा) वाहन से टक्कर मारकर भाग जाने के उस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति की वाहन से लगभग 20 फुट तक घसीटे जाने और उसके बाद उसी वाहन से कुचले जाने से मौत हो गई थी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने नयी दिल्ली निवासी चालक विक्रांत विज को गिरफ्तार कर लिया है और दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मनाली उपमंडल में हुई। उसने बताया कि यहां 60 वर्षीय एक स्थानीय निवासी रामकृष्ण सड़क पर जा रहे थे और इसी दौरान कथित तौर पर तेज रफ्तार से आ रही दिल्ली के पंजीकरण वाली कार ने उन्हें टक्कर मारी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि पतलीकुहल थाने में नागर फार्म रोड पर हुई घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।

उसने बताया कि जांच के दौरान कुल्लू के चनाल्टी गांव के निवासी प्रत्यक्षदर्शी ओमप्रकाश ने अपना बयान दर्ज कराया और कहा कि रामकृष्ण को वाहन द्वारा दोबारा कुचले जाने से पहले लगभग 20 फुट तक घसीटा गया था।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि फोर्ड कार के चालक ने तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए पैदल यात्री को टक्कर मार दी। पीड़ित को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस बताया कि गैर इरादतन हत्या और दुर्घटना की सूचना न देने तथा घायल को आवश्यक सहायता प्रदान न करने के लिए पतलीकुहल थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने नयी दिल्ली निवासी चालक विक्रांत विज को गिरफ्तार कर लिया है और दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

पतलीकुहल थाने के अतिरिक्त प्रभारी उप-निरीक्षक इंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है, सभी पहलुओं की विस्तार से पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

शुभम माधव

माधव