जमशेदपुर, चार जनवरी (भाषा) झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में एक कुएं में गिरे हाथी को बचाने के लिए अभियान जारी है। वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि नीमडीह ब्लॉक के अंदा गांव में स्थित कुआं 25 से 30 फुट गहरा है और बुधवार देर रात झुंड के साथ इलाके से गुजर रहा हाथी इसमें गिर गया।
सरायकेला प्रभागीय वन अधिकारी आदित्य नारायण ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सूचना मिलने पर वन विभाग की एक टीम चांडिल वन क्षेत्र में पड़ने वाले स्थान पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
उन्होंने कहा, ‘हाथी जीवित है और हमने उसे कुएं से बाहर निकलने का रास्ता बनाने के लिए दो ‘अर्थ मूविंग’ मशीनें काम पर लगाई हैं।’
अधिकारियों ने कहा कि कुआं सूखा है और इसका उपयोग सिंचाई के लिए किया जाता है।
हाथी को बचाने के अभियान के दौरान उसकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
उन्होंने बताया कि जैसे ही हाथी कुएं में गिरा, झुंड के अन्य हाथी उसके आसपास जमा हो गये।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद सर्द रात में हाथियों के चिल्लाने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
भाषाा जोहेब नोमान
नोमान