जयपुर, पांच अप्रैल (भाषा) केंद्र सरकार ने राजस्थान के उदयपुर जिले में व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (एनएच-48) पर यातायात जाम कम करने के लिए 363.89 करोड़ रुपये की लागत से एक एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण को मंजूरी दी है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह परियोजना खेरवाड़ा कस्बे में उदयपुर–रतनपुर–शामलाजी खंड पर विकसित की जाएगी, जो राजस्थान को गुजरात से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है।
गडकरी ने कहा, ‘‘खेरवाड़ा कस्बे में एनएच-48 पर 363.89 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण को मंज़ूरी दी गई है। यह परियोजना स्थानीय निवासियों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करती है।’’
मंत्री के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय और लंबी दूरी वाले यातायात को अलग करना है, ताकि जाम की समस्या कम हो सके।
गडकरी ने कहा कि इस मार्ग पर उदयपुर और अहमदाबाद के बीच भारी वाहनों की आवाजाही रहती है, जिसके कारण अक्सर यातायात जाम लगता है।
एलिवेटेड संरचना के कारण यातायात को कस्बे से होकर गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे यात्रा समय घटेगा और मौजूदा सड़कों पर दबाव कम होगा। परियोजना से राजमार्ग पर चिन्हित दुर्घटना संभावित ‘ब्लैक स्पॉट्स’ का समाधान भी होगा, जिससे सड़क सुरक्षा में समग्र सुधार होगा।
भाषा बाकोलिया शफीक
शफीक