दिल्ली की मंडियों में अतिक्रमण हटाया गया, कई क्विंटल कृषि उत्पाद जब्त
दिल्ली की मंडियों में अतिक्रमण हटाया गया, कई क्विंटल कृषि उत्पाद जब्त
नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) दिल्ली कृषि विपणन बोर्ड ने राष्ट्रीय राजधानी की कृषि उत्पादन मंडियों में अवैध दुकानों, सड़क किनारे लगने वाली दुकानों और अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ हाल में कार्रवाई करते हुए गाजीपुर की थोक मंडियों में 4,100 वर्ग फुट से अधिक जगह से अतिक्रमण हटाया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
इस संबंध में रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह कार्रवाई जुलाई के अंतिम सप्ताह से अगस्त के पहले सप्ताह तक चली और इस दौरान कई क्विंटल के कृषि उत्पाद, अवैध तरीके से इस्तेमाल किए जाने वाले तराजू तथा अनधिकृत कारोबार में इस्तेमाल किया जा रहा अन्य सामान जब्त किया गया।
बयान के अनुसार, गाजीपुर की फल एवं सब्जी, मछली और मुर्गा मंडियों में फुटपाथ, प्रवेश मार्ग और पार्किंग क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान लकड़ी के तख्ते, लोहे के बक्से, मेज, छतरियां और फ्रीजर समेत कई सामान जब्त किए गए।
आजादपुर क्षेत्र की कृषि उत्पाद मंडियों में अतिक्रमण और अनधिकृत तरीके से सामान चढ़ाने-उतारने के 95 से अधिक मामले सामने आए। इन मामलों में 20,900 रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली नगर निगम के सहयोग से मंडी परिसर से करीब 75 से 80 आवारा पशुओं को भी हटाया गया।
बयान के अनुसार, ओखला मंडी में अवैध रूप से बेची जा रही करीब 140 किलोग्राम फल और सब्जियां जब्त की गईं तथा जुर्माने और चालान के जरिए 18,700 रुपये वसूले गए।
शाहदरा मंडी में अनधिकृत दुकानों और ठेलों को हटाने के बाद करीब 215 किलोग्राम कृषि उत्पाद और 11 अवैध तारजू जब्त किए गए। केशोपुर मंडी में प्रवेश और निकास मार्ग में बाधा बन रहे 25 से अधिक अवैध ठेलों और अस्थायी दुकानों को भी हटाया गया।
अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों और लाइसेंस धारकों के खिलाफ लाइसेंस रद्द करने समेत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


