गुजरात: इंसानों पर हमला करने वाले शेरों के लिए 100 हेक्टेयर का सुरक्षित क्षेत्र बनाया गया

गुजरात: इंसानों पर हमला करने वाले शेरों के लिए 100 हेक्टेयर का सुरक्षित क्षेत्र बनाया गया

गुजरात: इंसानों पर हमला करने वाले शेरों के लिए 100 हेक्टेयर का सुरक्षित क्षेत्र बनाया गया
Modified Date: August 9, 2026 / 06:32 pm IST
Published Date: August 9, 2026 6:32 pm IST

अमरेली, नौ अगस्त (भाषा) गुजरात का वन विभाग मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के प्रयासों के तहत अमरेली जिले के अंबार्डी सफारी पार्क में 100 हेक्टेयर क्षेत्र में एक बाड़ा तैयार कर रहा है और इसमें इंसानों पर हमला करने वाले एशियाई शेरों को रखा जाएगा। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

विश्व शेर दिवस से पहले प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. जयपाल सिंह ने बताया कि गिर के आरक्षित वन क्षेत्र में इस सफारी पार्क में सुरक्षित आवास तैयार करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

शेरों के संरक्षण और उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साल 10 अगस्त को विश्व शेर दिवस मनाया जाता है।

सिंह ने कहा, ‘‘इंसानों पर हमला करने वाले शेरों को सफारी पार्क में एक निर्धारित क्षेत्र की घेराबंदी कर उपयुक्त वातावरण में रखा जाएगा। इस कार्य के लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।’’

उन्होंने बताया कि शुरुआत में पांच से छह शेरों को इस क्षेत्र में रखा जाएगा हालांकि इस क्षेत्र में अधिकतम 30 शेरों को रखने की क्षमता है।

एक विज्ञप्ति के अनुसार, अंबार्डी सफारी पार्क की स्थापना 2017 में हुई थी और यह गुजरात में वन्यजीव पर्यटन का एक महत्वपूर्ण केंद्र है।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘करीब 365 हेक्टेयर में फैला यह पार्क पर्यटकों को गिर के प्राकृतिक वातावरण का अनुभव प्रदान करता है। यहां एशियाई शेरों के अलावा तेंदुए, चीतल, नीलगाय, चिंकारा, मोर और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों का भी संरक्षण किया जाता है।’’

विज्ञप्ति के मुताबिक, मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने, जानवरों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने, पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने और प्रजातियों के दीर्घकालिक संरक्षण को सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग समय-समय पर वैज्ञानिक तरीके से वन्यजीवों का स्थानांतरण करता है।

भाषा जितेंद्र संतोष

संतोष


लेखक के बारे में