ईयू के मिशन प्रमुखों ने राहुल गांधी से मुलाकात की, भारत के साथ समूह की साझेदारी पर चर्चा

Ads

ईयू के मिशन प्रमुखों ने राहुल गांधी से मुलाकात की, भारत के साथ समूह की साझेदारी पर चर्चा

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 05:28 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 05:28 PM IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) यूरोपीय संघ (ईयू) के भारतीय राजनीतिक दलों के साथ जुड़ाव के तहत ईयू देशों के मिशन प्रमुखों ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और सलमान खुर्शीद से दोपहर के भोजन पर मुलाकात की। ईयू के राजनयिक हर्वे डेल्फिन ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने ‘बढ़ती ईयू-भारत रणनीतिक साझेदारी’ और बदलती भारतीय तथा वैश्विक भूराजनीतिक गतिशीलता पर चर्चा की।

भारत में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के राजदूत डेल्फिन ने ‘एक्स’ पर मुलाकात की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं जिसमें वह भी शामिल थे।

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय राजनीतिक दलों के साथ हमारे जुड़ाव के तहत ईयू के मिशन प्रमुखों ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी और और कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग के प्रमुख सलमान खुर्शीद के साथ दोपहर का भोजन किया।’’

हाल के महीनों में ईयू और भारत के संबंधों में नई प्रगति देखी गई है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन तथा यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने 26 जनवरी को 77वें गणतंत्र दिचस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।

भारत और 27 देशों के इस समूह ने 27 जनवरी को एक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए बातचीत खत्म होने की घोषणा की थी।

भाषा वैभव पवनेश

पवनेश