नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में संलिप्त परीक्षा माफिया को बख्शा नहीं जाएगा : भाजपा

Ads

नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में संलिप्त परीक्षा माफिया को बख्शा नहीं जाएगा : भाजपा

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 06:15 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 06:15 PM IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) भाजपा ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को ‘‘अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता’’ से लिया है तथा पार्टी ने छात्रों और अभिभावकों को इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, ‘‘किसी को बख्शा नहीं जाएगा, खासकर इस परीक्षा माफिया को जो हमारे बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने की कोशिश कर रहा है।’’

मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित नीट-यूजी, 2026 परीक्षा को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बीच रद्द कर दिया।

मामले की जांच कर रहे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रवेश परीक्षा रद्द होने से 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में अनिश्चितता का माहौल है।

इस मुद्दे को ‘‘संवेदनशील और दुखद’’ बताते हुए पात्रा ने कहा कि यह न केवल 22 लाख छात्रों से संबंधित है, बल्कि उनके माता-पिता की भावनाओं को भी प्रभावित करता है।

भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘जैसे ही भंडाफोड़ करने वाले एक व्यक्ति ने इस मुद्दे को उजागर किया, बिना किसी झिझक या टालमटोल का रवैया अपनाए बिना तुरंत कार्रवाई शुरू की गई और परीक्षा रद्द कर दी गई। सीबीआई को जांच का जिम्मा सौंपा गया और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’’

पात्रा ने कहा कि 2024 की नीट परीक्षा विवाद में, प्रक्रिया के अनुपालन में विफलता दर्शाने वाली कुछ आंतरिक खामियां सामने आई थीं।

हालांकि, उन्होंने कहा कि इस बार की गड़बड़ी ‘‘परीक्षा माफिया’’ द्वारा रची गई प्रतीत होती हैं।

पात्रा ने कहा, ‘‘इस माफिया का सफाया किया जाएगा और सरकार इसे हासिल करने के लिए पूर्ण दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।’’

भाषा शफीक माधव

माधव