नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) राज्यसभा के सेवानिवृत्त हो रहे सदस्यों को विदाई देने के लिए बुधवार शाम साढ़े छह बजे से उपराष्ट्रपति एनक्लेव में एक कार्यक्रम रखा गया है। उपसभापति हरिवंश ने राज्यसभा में यह घोषणा की।
उच्च सदन में आज बैठक शुरू होने के बाद नियमित कामकाज नहीं हुआ और सेवानिवृत्त होने जा रहे सदस्यों को सदन में विदाई दी गयी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों को विदाई देते हुए उम्मीद जतायी कि ये सदस्य सदन से जाने के बावजूद सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहेंगे।
सदस्यों को विदाई देते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि कुल 59 सदस्य सेवानिवृत्त होने हैं। उन्होंने कहा कि इनमें 36 सदस्य अप्रैल माह में सेवानिवृत्त हो जाएंगे, 22 सांसद जून में कार्यकाल पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि एक सांसद जुलाई में सेवानिवृत्त होंगे जबकि एक सदस्य 16 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो गये।
उन्होंने कहा कि उन्हें यह खबर मिली है कि इनमें से नौ सदस्य फिर निर्वाचित होकर आने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त हो रहे सदस्यों के लिए उपराष्ट्रपति एनक्लेव में जो विदाई समारोह आयोजित किया गया है उसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
संसदीय कार्यमंत्री ने सेवानिवृत्त हो रहे सदस्यों के लिए यह शेर पढ़ा :-
‘‘रुखसत हुआ तो वो आँख मिला कर नहीं गया, वो क्यूं गया है यह भी बताकर नहीं गया, बस इक लकीर खींच गया दरम्यां में पर रास्ते में दीवार बनाकर नहीं गया।’’
भाषा माधव अविनाश
अविनाश